मार्केट यार्ड में ‘नो यूपीआई’ आंदोलन सफल
पूना मर्चेंट्स चेंबर द्वारा जानकारी : कहा- सरकार का ध्यान आकर्षित करने मजबूरी में आंदोलन करना पड़ा
03-Oct-2026
Total Views |
गुलटेकडी, 2 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
व्यापारियों के आर्थिक लेन-देन से जुड़े विभिन्न मुद्दों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए शुक्रवार, 2 अक्टूबर को मार्केट यार्ड के गुड़ और अनाज बाजार विभाग में ‘नो यूपीआई डे’ आंदोलन चलाया गया. इस आंदोलन को व्यापारियों का व्यापक समर्थन मिला. दि पूना मर्चें ट्स चेंबर के अध्यक्ष राजेंद्र बाठिया ने बताया कि यह आंदोलन सौ फीसदी सफल रहा. इस आंदोलन के कारण मार्केट यार्ड के गुड़-अनाज प्रभाग के कई व्यापारियों ने यूपीआई के जरिए होने वाले डिजिटल भुगतान को लेने से इनकार कर दिया और नकद लेन-देन को प्राथमिकता दी. बाठिया ने बताया कि सरकार का ध्यान व्यापारियों की समस्याओं की ओर आकर्षित करने के लिए उन्हें मजबूरी में यह आंदोलन करना पड़ा. उन्होंने कहा सरकार को ऐसे निर्णयों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए जो व्यापारियों के वित्तीय लेन-देन पर अतिरिक्त बोझ डालते हैं. बाजार के लिए व्यापारी और ग्राहक के बीच लेन-देन का सुचारू रूप से चलना बेहद जरूरी है. हालांकि, सरकार का ध्यान खींचने के लिए हमें आज ‘नो यूपीआई डे’ आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा. बाठिया ने बताया कि इस आंदोलन की वजह से व्यापारियों और ग्राहकों, दोनों को ही कुछ हद तक परेशानी का सामना करना पड़ा और इसका आर्थिक असर भी पड़ा है. व्यापारियों की समस्याएं ध्यान में रखें इस आंदोलन में चेंबर के सभी सदस्य और मार्केट यार्ड के कई व्यापारी शामिल हुए थे. इस अवसर पर दी पूना मर्चेंट्स चेंबर की ओर से मांग की गई है कि सरकार व्यापारियों की भावनाओं और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए, यूपीआई लेन-देन पर एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) लगाने के फैसले को जल्द से जल्द वापस ले.