बिबवेवाड़ी, 29 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) श्री पूना गुजराती बंधु समाज द्वारा आयोजित ‘रास गरबा प्रतियोगिता 2026’ बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. प्रतियोगिता में शामिल मंडलों ने पारंपरिक गरबा नृत्य, आकर्षक वेशभूषा, तालबद्ध संगीत और विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया. जयराज ग्रुप की ओर से प्रतियोगिता में वैष्णवी ग्रुप को (प्रथम) ट्रॉफी और 25 हजार रुपये, गहेक्ती गुजरातन ग्रुप को (द्वितीय) ट्रॉफी और 15 हजार रुपये तथा नवताल ग्रुप को (तृतीय) ट्रॉफी और 10 हजार रुपये पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. साथ ही जयराज ग्रुप की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी दस मंडलों को अशोक चव्हाण के हाथों प्रत्येक को 10 हजार रुपये का विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया. प्रतियोगिता का परीक्षण अनुजा सेलोट और निधि मेहता ने किया. कार्यक्रम का संचालन राधिका बगदाई ने किया. लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे सभागार (बिबवेवाड़ी) में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री तथा राज्यसभा सदस्य अशोक चव्हाण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. उनके साथ मंच पर श्री पूना गुजराती बंधु समाज के अध्यक्ष जयंत शाह और मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. राजेश शाह, एड. श्रीजया अशोकराव चव्हाण, वल्लभभाई पटेल, नैनेश नंदू, राजेंद्र शाह, हरेश शाह और केतन कापडिया मौजूद रहे.
सूखा पीड़ितों के लिए 2.1 लाख रुपये की सहायता
इस अवसर पर डॉ. राजेश शाह ने कहा कि पारंपरिक त्यौहार, उत्सव और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं समाज को एक साथ लाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं. यहां श्री पूना गुजराती बंधु समाज की ओर से, महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त क्षेत्रों के नागरिकों की मदद करने की अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता के तहत, मुख्यमंत्री सहायता निधि में 2 लाख 1 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई.
सार्वजनिक जीवन में योगदान देने की परंपरा बरकरार पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा श्री पूना गुजराती बंधु समाज ने न केवल गुजराती समाज को एकजुट किया, बल्कि पुणे के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में भी एक महत्वपूर्ण स्थान बनाया है. अपनी संस्कृति का संरक्षण करते हुए इस समाज ने पुणे के सामाजिक, शैक्षणिक और सार्वजनिक जीवन में योगदान देने की परंपरा को भी बनाए रखा है.