कसबा पेठ, 30 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
आम लोगों के लिए न्याय व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से ‘द चेम्बर्स और सीएस न्यायविधि एडीआर फोरम’ की शुरुआत कसबा पेठ में की गई है. इसके तहत जरूरतमंदों और गरीबों के लिए कानूनी पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) एक ही छत के नीचे मुफ्त में उपलब्ध होगा तथा ग्रामीण इलाकों से आने वाले नए वकीलों को एक मंच मिल सकेगा. एड. चंद्रशेखर घाटे की पहल पर तैयार किए गए इस केंद्र का लोकार्पण हाल ही में सांसद एड. उज्ज्वल निकम के हाथों संपन्न हुआ. एड. चंद्रशेखर घाटे एंड एसोसिएट्स द्वारा शुरु इस केंद्र के उद्घाटन के अवसर पर महाराष्ट्र और गोवा बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष एड. हर्षद निंबालकर, सदस्य एड. राजेंद्र उमाप, एड. विकास ढगे पाटिल, एड. मिलिंद पवार, संयोजक एड. चंद्रशेखर नंदू घाटे आदि उपस्थित थे. एड. उज्ज्वल निकम ने इस अवसर पर कहा कि कानूनी क्षेत्र में व्यावसायिक जिम्मेदारी, ईमानदारी, अनुशासन और न्याय प्रक्रिया में कर्तव्यनिष्ठा का महत्व इसके माध्यम से सभी को मिलेगा. इस दौरान बताया गया कि कानून के क्षेत्र में व्यावसायिक कार्यपद्धति, आपसी समन्वय और प्रभावी सेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह उपक्रम चलाया जा रहा है. एड. चंद्रशेखर घाटे ने कहा कि इन दोनों संस्थाओं के माध्यम से कानून के क्षेत्र में नए-नए उपक्रमों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही व्यावसायिक कार्यप्रणाली और प्रभावी कानूनी सेवाओं के विकास में भी मदद मिलेगी. एड. हर्षद निंबाळकर ने अपने विचार व्यक्त किए और एड. मंगेश खराबे ने मंच संचालन किया.