लक्ष्मी रोड, 30 अक्टूबर (आ.प्र.) पुणे के पारंपरिक बाजारों को एक अलग पहचान देने वाले लक्ष्मी रोड, कुमठेकर रोड और बाजीराव रोड पर बेहद आकर्षक रोशनी की गई है. इसका उद्घाटन गुरुवार (29 अक्टूबर) शाम को पुणे मनपा के आयुक्त नवलकिशोर राम के हाथों संपन्न हुआ. यह आयोजन पुणे व्यापारी महासंघ, यूनाइटेड रिटेल ट्रेड गारमेंट एसोसिएशन और पुणे सर्राफ एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है. पुणे में गणेशोत्सव और नवरात्रोत्सव बहुत उत्साह के साथ मनाए जाते हैं. उसी तरह दिवाली का भी विशेष महत्व है. इस त्यौहार के अवसर पर बाजारों में रौनक लाने के लिए व्यापारी संगठनों ने मिलकर जो रोशनी की है, वह शहर के उत्सवी माहौल में चार चांद लगा रही है. लगातार तीसरे वर्ष, लगभग तीन किलोमीटर के क्षेत्र में यह रोशनी की गई है. दिवाली के अवसर पर बाजारों में उत्साह का माहौल बनाने के साथ-साथ पुणे की सांस्कृतिक परंपरा का दर्शन कराना इस पहल का उद्देश्य है. आयुक्त नवल किशोर राम ने कहा, व्यापारी संगठनों का योगदान केवल ऐसे उपक्रमों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि जब भी शहर पर कोई संकट आता है या मदद की आवश्यकता होती है, व्यापारी हमेशा स्वेच्छा से सहयोग करते हैं. यूनाइटेड रिटेल ट्रेड गारमेंट एसोसिएशन के सचिव मिलिंद शालगर ने कहा कि पुणे को सांस्कृतिक परंपरा की एक बड़ी विरासत मिली है. इस परंपरा को संजोने में व्यापारी भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं. दिवाली के अवसर पर बाजारों का उत्साह और बढ़े तथा नागरिकों को खरीदारी का एक सुखद अनुभव मिले, इस उद्देश्य से व्यापारियों ने एकजुट होकर हर साल रंग-बिरंगी रोशनी (लाइटिंग) करने का निर्णय लिया. इस प्रकार की पहल की शुरुआत करने का गौरव पुणे को मिला है, और अब अन्य शहरों में भी इसका अनुकरण किया जा रहा है.