बिबवेवाड़ी, 3 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) लोगों में हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कर्मचारी राज्य बीमा निगम चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, पुणे में आयोजित राजभाषा पखवाड़े का 29 सितंबर को गरिमापूर्ण समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया. पखवाड़े का शुभारंभ 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर किया गया था. समारोह की अध्यक्षता अस्पताल के अधिष्ठाता डॉ. प्रदीप गायकवाड़ ने की. इस अवसर पर राजभाषा प्रभारी अनंत कुमार वर्मा, उप निदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे. मुख्य अतिथि के रूप में क.रा.बी.नि. उप क्षेत्रीय कार्यालय, पुणे के सहायक निदेशक अभय कुमार उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत कार्यालय की निशा पुरी एवं पुष्पा द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई. इसके बाद निगम मुख्यालय के निर्दे शों के अनुसार डॉ. नीना ने हिंदी दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा जारी अपील का वाचन किया. सचिन ताजवे, संयुक्त निदेशक ने श्रम मंत्री की अपील पढ़कर सुनाई. राकेश कुमार सिंह, सहायक निदेशक ने श्रम राज्य मंत्री का संदेश पढ़ा, जबकि डॉ. देनाली देशमुख ने निगम की परंपरा का पालन करते हुए महानिदेशक की अपील का वाचन किया. इसके पश्चात राजभाषा पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि हिंदी में कार्य करना बहुत सरल है. इसलिए सभी को प्रयास करना चाहिए कि कार्यालयीन कार्य हिंदी में ही किए जाएं तथा राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास किया जाए. अनंत कुमार वर्मा ने कहा कि हिंदी ऐसी भाषा है, जो सभी को एक सूत्र में पिरोती है. चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विभूति आंबावड़े ने सभी कर्मचारियों से हिंदी में अधिकाधिक कार्य करने की अपील की. मुख्य अतिथि अभय कुमार ने कहा कि यदि हिंदी हमारी मां है तो अन्य भारतीय भाषाएं हमारी मौसी हैं. इसलिए सभी भाषाओं का सम्मान करना चाहिए और उनके प्रति सद्भाव बनाए रखना चाहिए.