चाकण में पैसों के विवाद को लेकर युवक का अपहरण

सिर्फ 24 घंटों के अंदर पुलिस ने यवतमाल से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया

    06-Oct-2026
Total Views |
 
Pimpri
पिंपरी, 5 अ्नटूबर (आ.प्र.)
गन्ने की कटाई करने वालाें की मजदूरी काे लेकर पुराना विवाद गंभीर घटना में तब्दील हाे गया. इसी विवाद के चलते एक गिराेह ने एक युवक काे उसकी बाइक समेत अगवा कर लिया. पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने आंबेठान से अगवा किए गए युवक की तलाश में मात्र 24 घंटे के भीतर यवतमाल जिले में पहुंचकर उसे ढूंढ निकाला. पुलिस ने युवक काे छुड़ाने के बाद 8 आराेपियाें काे गिरफ्तार किया. उत्तर म्हालुंगे एमआईडीसी पुलिस की कार्रवाई से अपहरण का रहस्य सुलझ गया है.
 
अपहृत युवक का नाम राजेश बालू चव्हाण है. वह आंबेठान के घाटे वस्ती इलाके में था, तभी तीन रिक्शा सवाराें के एक गिराेह ने उसे घेर लिया. उसका जबरन अपहरण कर लिया. दिलचस्प बात यह है कि उसकी शाइन माेटरसाइकिल भी उसके साथ ले गये. राजेश चव्हाण की पत्नी सुषमा चव्हाण ने इस संबंध में उत्तर म्हालुंगे एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई हैं. अपहरण का मामला दर्ज हाेते ही पुलिस ने जांच में तेजी लाते हुए तत्काल जरुरी कदम उठाए हैं.
 
पुलिस ने उनसे गहन पूछताछ की. उसी दाैरान पुलिस के सामने यह जानकारी आई कि यह घटना गन्ना काटने के लिए अग्रिम पैसाें काे लेकर हुई थी. यह विवाद इस बात पर उपजा था कि राजेश चव्हाण ने संदीप राठाेड़ के गन्ना कटाई का अग्रिम पैसा उठाया था.
जांच में पता चला कि इसी विवाद काे आधार बनाकर राजेश के अपहरण की साजिश रची गई थी. तीनाें से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम यवतमाल पहुंची.
 
पुलिस ने उमरखेड़ तहसील के दिंडाला में कार्रवाई की. वहां पर मुख्य साजिशकर्ता और अन्य सहयाेगियाें काे हिरासत में लिया गया.
इसी दाैरान अपहृत राजेश चव्हाण काे सुरक्षित रिहा कर दिया गया.
 
इस मामले में पुलिस ने अमाेल राठाेड़, सचिन राठाेड़, नीलेश राठाेड़, शुभम जाधव, संदीप राठाेड़, इंदल जाधव, राजू चव्हाण और संदीप जाधव आदि आराेपियाें काे गिरफ्तार किया.पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई हुंडई वेन्यू कार, 3 ऑटाे रिक्शा और राजेश चव्हाण की शाइन माेटरसाइकिल आराेपियाें से जब्त कर ली है. जांच में पता चला है कि अपहरण के बाद आराेपी युवक काे यवतमाल जिले में ले गए थे. पुलिस द्वारा इस तत्काल कार्रवाई के परिणामस्वरूप, पुलिस अपहरण की घटना के महज 24 घंटाें के भीतर ही आराेपी तक पहुंच गई और अपहृत युवक काे छुड़ा लिया.
 
तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और गाेपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच काे आगे बढ़ाया. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिगंबर सूर्यवंशी, सहायक पुलिस निरीक्षक कल्याण घाड़गे और उनकी जांच टीम ने पुलिस आयुक्त विनय कुमार चाैबे, अतिरिक्त आयुक्त सारंग आवाड़, पुलिस उपायुक्त श्वेता खेड़कर और सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया डमाले के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया.