मुंबई, 6 अक्टूबर (आ.प्र.) अनूपकुमार अग्रवाल ने 1 अक्टूबर को अपने वर्तमान दायित्व प्रधान मुख्य विद्युत इजीनियर के साथ-साथ मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया है. अनूप कुमार अग्रवाल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली से पॉवर इलेक्ट्रॉनिक्स में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है. वे वर्ष 1988 बैच के भारतीय रेल विद्युत इंजीनियर सेवा के अधिकारी हैं. अग्रवाल ने अपने करियर की शुरुआत उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे में सहायक विद्युत इंजीनियर के रूप में की. अपने 38 वर्षों के विशिष्ट सेवाकाल के दौरान उन्होंने भारतीय रेल तथा अन्य संगठनों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है. उन्हें मुंबई में विभिन्न पदों पर 10 वर्षों से अधिक समय तक कार्य करने का व्यापक अनुभव है. उन्होंने मुंबई मंडल में वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर /ट्रैक्शन रोलिंग स्टॉक, कलवा, कुर्ला एवं कल्याण तथा मुख्यालय में मुख्य विद्युत इंजीनियर /रोलिंग स्टॉक, मुख्य विद्युत लोको इंजीनियर और मुख्य विद्युत इंजीनियर /परिचालन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है. इसके अलावा, उन्होंने उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे के लुमडिंग मंडल में मंडल विद्युत इंजीनियर (निर्माण) तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (निर्माण), मध्य रेल के भुसावल मंडल में वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) तथा उत्तर-पूर्व सीमांत रेलवे में उप मुख्य विद्युत इंजीनियर (निर्माण) के रूप में भी सेवाएं दी हैं. महाकुंभ मेला 2025 के दौरान प्रयागराज, उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर के रूप में उन्होंने उत्तर मध्य रेलवे में विद्युत संबंधी सभी योजनाओं एवं परिचालन के प्रबंधन के लिए प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली थी. यह जानकारी मध्य रेल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला द्वारा दी गई है.