बजाज पुणे ग्रैंड टूर को मिला ‌‘यूसीआई 2.1 ग्रेड‌’

26 से 31 जनवरी के बीच छह चरणों में होगी साइकिल प्रतियोगिता

    08-Oct-2026
Total Views |
 
gvf
  पुणे, 7 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 बजाज पुणे ग्रैंड टूर को यूसीआई 2.2 से बढ़ाकर यूसीआई 2.1 श्रेणी प्रदान की गई है. पुणे की दूसरी साइकिल प्रतियोगिता 26 से 31 जनवरी 2027 के बीच पुणे शहर और जिले के विभिन्न हिस्सों में छह चरणों में आयोजित की जाएगी. श्रेणी बढ़ने से प्रतियोगिता में अधिक बड़े अंतरराष्ट्रीय दलों और वरिष्ठ साइकिल चालकों के भाग लेने की संभावना है. कनाडा के मॉन्ट्रियल में हुई यूसीआई कांग्रेस में पुणे को 2032 की यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी देने का निर्णय लिए जाने के बाद बजाज पुणे ग्रैंड टूर की श्रेणी बढ़ाए जाने का विशेष महत्व है. रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप प्रतियोगिता पहली बार भारत में आयोजित होगी. इस वर्ष जनवरी में पुणे में हुई पहली साइकिल प्रतियोगिता को देश-विदेश के साइकिल चालकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था. इसमें 35 देशों के 29 दलों और 171 साइकिल चालकों ने भाग लिया था. प्रतियोगिता के मार्ग पर लगभग 25 लाख नागरिकों ने उपस्थित होकर साइकिल चालकों का उत्साह बढ़ाया था. इस सफलता के कारण भारतीय साइकिलिंग के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में पुणे ग्रैंड टूर ने महत्वपूर्ण स्थान बनाया है. यूसीआई 2.2 से 2.1 की श्रेणी वृद्धि का अर्थ है कि अंतरराष्ट्रीय रोड रेसिंग के कैलेंडर में यह प्रतियोगिता क्लास 2 से क्लास 1 में शामिल होगी. इससे भाग लेने वाले साइकिल चालकों और दलों को अधिक यूसीआई रैंकिंग अंक हासिल करने का अवसर मिलेगा. इससे उच्च स्तर के अंतरराष्ट्रीय दलों और साइकिल चालकों के प्रतियोगिता में आकर्षित होने की संभावना है. परिणामस्वरूप, सभी छह चरणों में अधिक कड़ी और उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी. पुणे जिले में इस तरह होगी प्रतियोगिता 2027 की प्रतियोगिता गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी को शुरू होकर 31 जनवरी को पूरी होगी. छह चरणों में पुणे जिले के विभिन्न भौगोलिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया गया है. पहला चरण मुलशी से हिंजवड़ी, दूसरा बारामती से सासवड, तीसरा जुन्नर से राजगुरुनगर, चौथा आलंदी से लोणावला-खंडाला, पांचवां लोणावला-खंडाला से हिंजवड़ी और छठा पिंपरी-चिंचवड़ से बालगंधर्व रंगमंदिर तक होगा. जिलाधिकारी जीतेंद्र डूडी ने कहा कि बजाज पुणे ग्रैंड टूर को मिली यूसीआई 2.1 श्रेणी प्रतियोगिता के साथ-साथ भारतीय साइकिलिंग के लिए भी महत्वपूर्ण पड़ाव है. अब प्रतियोगिता को उच्च स्तर पर ले जाने के साथ ही पुणे में अधिक मजबूत अंतरराष्ट्रीय भागीदारी बढ़ाने और भारतीय साइकिल चालकों को अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अधिक अवसर मिलेगा.
 
  भारत में रोड साइकिलिंग के विकास हेतु महत्वपूर्ण मंच साबित होगा
यूसीआई के आधिकारिक कैलेंडर में भी पुणे ग्रैंड टूर की 26 से 31 जनवरी 2027 की तारीख दर्ज है.यूसीआई के अध्यक्ष डेविड लापार्टिएंट ने कहा कि बजाज पुणे ग्रैंड टूर भारत में रोड साइकिलिंग के विकास के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा. इस प्रतियोगिता से साइकिल चालकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का अधिक अनुभव मिलने के साथ ही दलों, अधिकारियों और आयोजकों को भी उच्च स्तर पर काम करने का अनुभव मिलेगा.