पुणे, 7 अक्टूबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
बजाज पुणे ग्रैंड टूर काे यूसीआई 2.2 से बढ़ाकर यूसीआई 2.1 श्रेणी प्रदान की गई है. पुणे की दूसरी साइकिल प्रतियाेगिता 26 से 31 जनवरी 2027 के बीच पुणे शहर और जिले के विभिन्न हिस्साें में छह चरणाें में आयाेजित की जाएगी.
श्रेणी बढ़ने से प्रतियाेगिता में अधिक बड़े अंतरराष्ट्रीय दलाें और वरिष्ठ साइकिल चालकाें के भाग लेने की संभावना है. कनाडा के माॅन्ट्रियल में हुई यूसीआई कांग्रेस में पुणे काे 2032 की यूसीआई राेड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी देने का निर्णय लिए जाने के बाद बजाज पुणे ग्रैंड टूर की श्रेणी बढ़ाए जाने का विशेष महत्व है.
राेड वर्ल्ड चैंपियनशिप प्रतियाेगिता पहली बार भारत में आयाेजित हाेगी. इस वर्ष जनवरी में पुणे में हुई पहली साइकिल प्रतियाेगिता काे देश-विदेश के साइकिल चालकाें का अच्छा प्रतिसाद मिला था. इसमें 35 देशाें के 29 दलाें और 171 साइकिल चालकाें ने भाग लिया था.
प्रतियाेगिता के मार्ग पर लगभग 25 लाख नागरिकाें ने उपस्थित हाेकर साइकिल चालकाें का उत्साह बढ़ाया था. इस सफलता के कारण भारतीय साइकिलिंग के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में पुणे ग्रैंड टूर ने महत्वपूर्ण स्थान बनाया है. यूसीआई 2.2 से 2.1 की श्रेणी वृद्धि का अर्थ है कि अंतरराष्ट्रीय राेड रेसिंग के कैलेंडर में यह प्रतियाेगिता क्लास 2 से क्लास 1 में शामिल हाेगी
.
इससे भाग लेने वाले साइकिल चालकाें और दलाें काे अधिक यूसीआई रैंकिंग अंक हासिल करने का अवसर मिलेगा. इससे उच्च स्तर के अंतरराष्ट्रीय दलाें और साइकिल चालकाें के प्रतियाेगिता में आकर्षित हाेने की संभावना है. परिणामस्वरूप, सभी छह चरणाें में अधिक कड़ी और उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा देखने काे मिलेगी.
पुणे जिले में इस तरह हाेगी प्रतियाेगिता 2027 की प्रतियाेगिता गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी काे शुरू हाेकर 31 जनवरी काे पूरी हाेगी. छह चरणाें में पुणे जिले के विभिन्न भाैगाेलिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्राें काे शामिल किया गया है. पहला चरण मुलशी से हिंजवड़ी, दूसरा बारामती से सासवड, तीसरा जुन्नर से राजगुरुनगर, चाैथा आलंदी से लाेणावला-खंडाला, पांचवां लाेणावला-खंडाला से हिंजवड़ी और छठा पिंपरी-चिंचवड़ से बालगंधर्व रंगमंदिर तक हाेगा.
जिलाधिकारी जीतेंद्र डूडी ने कहा कि बजाज पुणे ग्रैंड टूर काे मिली यूसीआई 2.1 श्रेणी प्रतियाेगिता के साथ-साथ भारतीय साइकिलिंग के लिए भी महत्वपूर्ण पड़ाव है. अब प्रतियाेगिता काे उच्च स्तर पर ले जाने के साथ ही पुणे में अधिक मजबूत अंतरराष्ट्रीय भागीदारी बढ़ाने और भारतीय साइकिल चालकाें काे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियाें के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अधिक अवसर मिलेगा.