श्री चतुःश्रृंगी देवी का नवरात्रोत्सव 11 अक्टूबर से

धार्मिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम : मंदिर जीर्णोद्धार का काम जारी : ऑनलाइन दर्शन पास की भी सुविधा

    08-Oct-2026
Total Views |
 
frft
चतुःश्रृंगी, 7 अक्टूबर (आ.प्र.)

श्री चतुःश्रृंगी देवी मंदिर में इस वर्ष नवरात्रोत्सव 11 से 20 अक्टूबर तक मनाया जाएगा. इस दौरान घटस्थापना, महापूजा, महाआरती, स्तोत्रपाठ और नवचंडी होम सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. दशहरे के दिन देवी की पालकी में सीमोल्लंघन शोभायात्रा निकाली जाएगी तथा पालकी पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी. भाविकों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में लिफ्ट और स्काईवॉक की योजना अगले वर्ष तक पूरी की जाएगी. यह जानकारी श्री देवी चतुःश्रृंगी मंदिर ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष दिलीप अनगल और कार्यकारी ट्रस्टी देवेंद्र अनगल ने बुधवार (7 अक्टूबर) दोपहर 1230ः बजे आयोजित पत्रकार वार्ता मेंं दी. पत्रकार वार्ता में मंदिर ट्रस्ट के अन्य ट्रस्टी किरण अनगल, सारंग अनगल, मनाली अनगल, नंदकुमार अनगल, श्रीधर अनगल उपस्थित थे. रविवार (11 अक्टूबर) सुबह 9 बजे श्रीधर अनगल के हाथों घटस्थापना की जाएगी. देवी को मंगलस्नान कराने के बाद पंचामृत और सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक किया जाएगा तथा अलंकारिक पोशाक में महापूजा की जाएगी. इसके बाद महानैवेद्य अर्पित किया जाएगा. पुरोहिती श्रीराम नारायण कानडे गुरुजी करेंगे, यह जानकारी अध्यक्ष दिलीप अनगल ने दी. देवेंद्र अनगल ने बताया कि, उत्सव के दौरान मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए 24 घंटे खुला रहेगा. प्रतिदिन सुबह 10 बजे और रात 8 बजे महाआरती होगी. इस दौरान नगाड़ा, चौघड़ा आदि पारंपरिक वाद्यों के साथ शंखनाद किया जाएगा. गणपति मंदिर में महिला मंडलों की ओर से सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीसूक्त, ललितासहस्रनाम, महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र और देवी के अन्य स्तोत्रों का पाठ किया जाएगा. सुयोग मित्र मंडल की ओर से मंदिर परिसर में शनिवार (17 अक्टूबर) शाम 4 बजे ‌‘आजीबाईंचा भोंडला‌’ का आयोजन किया गया है.मंगलवार (20 अक्टूबर) सुबह 9 बजे नवचंडी होम शुरू होगा. शाम 5 बजे सीमोल्लंघन के लिए देवी की पालकी का प्रस्थान होगी. बैंड, ढोल, लेजिम, नगाड़ा, चौघड़ा, शंखनाद और शहनाई की संगत में शोभायात्रा निकाली जाएगी. दर्शन के लिए कतारों में बैरिकेडिंग की गई है. पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के सहयोग से महाविद्यालय के मैदान में नि:शुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी, स्वयंसेवक, पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं.
 
नवरात्रोत्सव के दौरान होने वाले प्रमुख कार्यक्रम
11 अक्टूबर, सुबह 9 बजे: घटस्थापना और देवी की महापूजा
प्रतिदिन सुबह 10 बजे और रात 8 बजे: पारंपरिक वाद्यों की संगत में महाआरती
17 अक्टूबर, शाम 4 बजे: सुयोग मित्र मंडल का ‌‘आजीबाईंचा भोंडला‌’
20 अक्टूबर, सुबह 9 बजे: नवचंडी होम
20 अक्टूबर, शाम 5 बजे: सीमोल्लंघन के लिए पालकी शोभायात्रा