बिबवेवाड़ी, 7 अक्टूबर (आ.प्र.)
इस वर्ष शारदीय नवरात्रि उत्सव की शुरुआत रविवार, 11 अक्टूबर को घटस्थापना के साथ हो रही है. इस अवसर पर मां आशापुरा माता मंदिर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और दस दिनों के इस नवरात्रि उत्सव में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. यह जानकारी मां आशापुरा माता मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख विजय भंडारी और चेतन भंडारी ने दी. 11 अक्टूबर को सुबह 9:45 बजे घटस्थापना के साथ नवरात्रि उत्सव का शुभारंभ होगा. हर साल की तरह इस बार भी विशेष रूप से महिलाओं के ढोल-ताशा पथक (बैंड) की गूंज के साथ घटस्थापना की जाएगी. इस नवरात्र उत्सव के दौरान श्रृंगार आरती, महाआरती, शयन आरती, अभिषेक, नवचंडी महायज्ञ, माता की चौकी, भजन जैमिंग, श्री सूक्त पाठ, कन्या पूजन, नवदुर्गा सम्मान पुरस्कार समारोह, देवी सूक्त मंत्र सामूहिक पाठ, देवी सहस्रार्चन और ‘पुणे गॉट टैलेंट’ जैसे कई धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. नवरात्र उत्सव में प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे आरती होगी और सुबह 7:00 बजे से 10:00 बजे के बीच अभिषेक किया जाएगा. वहीं नवचंडी महायज्ञ दोपहर 3:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक संपन्न होगा. शाम 7 बजे महाआरती होगी, जिसके बाद देवी भजन जैमिंग, देवी के गीतों का कार्यक्रम ‘माता की चौकी’ और ‘पुणे गॉट टैलेंट’ जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. यहां मनाया जाने वाला नवरात्र उत्सव बहुत ही अनोखे स्वरूप का और समाज को एक नई दिशा देने वाला है.