पुणे, 15 नवंबर (आ.प्र.) गुलाबी ठंड, उत्साह से भरे धावक, देशभक्ति के नारे और नशामुक्त युवा भारत का संकल्प. रविवार की सुबह पुणे के अलका चौक पर राष्ट्रीय एकता और खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला. केंद्रीय नागरिक उड्डयन और सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल की पहल पर आयोजित ‘पुणे रन फॉर यूनिटी’ 40 हजार से अधिक पुणेकरों ने हिस्सा लिया. युवाओं के साथ महिलाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी भागीदारी ने इस आयोजन को जनआंदोलन का रूप दे दिया. लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प से प्रेरित इस मैराथन का आयोजन लगातार दूसरे वर्ष किया गया. इसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के साथ युवाओं को नशामुक्त भारत और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण तथा चंद्रकांत पाटिल ने दिखाई हरी झंडी मैराथन का शुभारंभ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने हरी झंडी दिखाकर किया. इस अवसर पर खेल रत्न से सम्मानित अंजलि भागवत विशेष रूप से उपस्थित थीं. उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर केदार जाधव, शहर अध्यक्ष धीरज घाटे, महापौर मंजूषा नागपुरे, विधायक हेमंत रासने, विधायक सिद्धार्थ शिरोले, विधायक सुनील कांबले, उपमहापौर परशुराम वाडेकर, श्रीनाथ भिमाले, राष्ट्रीय खिलाड़ी मनोज एरंडे और अतिरिक्त आयुक्त ओमप्रकाश दिवटे सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे. पुरुष वर्ग में येगो इसाककिप्रोनो ने पहला स्थान हासिल किया मैराथन की 21 किलोमीटर अंतरराष्ट्रीय पुरुष श्रेणी में येगो इसाक किप्रोनो ने 1 घंटा 4 मिनट 17 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया. केमेई पॉल 1 घंटा 4 मिनट 41 सेकंड के साथ दूसरे और केन्या के एल्कनाह किमेली अरुसेय 1 घंटा 8 मिनट 57 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे. महिला अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में त्सेहाय देसालेग्न अधाना ने 1 घंटा 17 मिनट 45 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया. सेनयित अयेले अलेमु दूसरे और मुरिकी जेन वांजिरू 1 घंटा 19 मिनट 46 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं. भारतीय वर्ग में सुनील कुमार और रवीना गायकवाड़ विजेता बने भारतीय पुरुष वर्ग में सुनील कुमार ने 1 घंटा 4 मिनट 22 सेकंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया. शिवम सिंह तोमर 1 घंटा 4 मिनट 52 सेकंड के साथ दूसरे और राजन यादव 1 घंटा 5 मिनट 34 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे. भारतीय महिला वर्ग में रवीना विजय गायकवाड़ ने 1 घंटा 17 मिनट 38 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया. साक्षी संजय जदाल महज चार सेकंड के अंतर से 1 घंटा 17 मिनट 42 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि रिनू ने 1 घंटा 18 मिनट 18 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया. खेल जगत की हस्तियों ने किया विजेताओं का सम्मान पुरस्कार वितरण समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल की उपस्थिति में विजेता धावकों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर महापौर मंजुषा नागपुरे, अर्जुन पुरस्कार विजेता शकुंतला खटावकर, मनोज एरंडे, ओलंपियन रेखा भिड़े, शांताराम जाधव, बजाज फिनसर्व के प्रमुख संजीव बजाज, शतरंज ग्रैंडमास्टर अभिजीत कुंटे, स्मिता शिरोले यादव, वरिष्ठ पर्वतारोही उमेश झिरपे, सुरेखा द्रविड़, श्रीरंग इनामदार और महादेव सपकाल सहित खेल जगत की कई हस्तियां मौजूद थीं.
पुणेकरों का समर्थन ही संकल्प की ताकत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विचार से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त युवा भारत का संदेश देने के लिए इस दौड़ का आयोजन किया गया. लगातार दूसरे वर्ष आयोजित इस कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी ने राष्ट्रीय एकता का संदेश मजबूत किया है. युवाओं को नशामुक्त, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में आगे आना चाहिए -मुरलीधर मोहोल (केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री)
देश की एकता और अखंडता सभी की जिम्मेदारी एक भारत, श्रेष्ठ भारत और नशामुक्त भारत की अवधारणा पर देशभर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जा रहा है. पुणे में इस पहल को लोगों का उत्साहपूर्ण समर्थन मिला है. उन्होंने कहा कि पुणे से शुरू होने वाली किसी भी सकारात्मक पहल को हमेशा अच्छा प्रतिसाद मिलता है. उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. -रवींद्र चव्हाण, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष