पुणे, 15 नवंबर (आ.प्र.) इंडियन सोसायटी ऑफ हीटिंग, रेफ्रिजरेटिंग एंड एयर कंडीशनिंग इंजीनियर्स की ओर से दक्षिण एशिया के भव्य अंतरराष्ट्रीय रेफ्रिजरेशन एवं कोल्ड चेन प्रदर्शन और सम्मेलन ‘रेफकोल्ड इंडिया- 2026‘ का आयोजन 19 से 21 नवंबर तक पुणे के एग्रीकल्चर कॉलेज ग्राउंड में किया जाएगा. विपणन एवं शिष्टाचार मंत्री जयकुमार रावल के हाथों गुरुवार (19 नवंबर) को सुबह 9.30 बजे इस आयोजन का उद्घाटन होगा. इस अवसर पर पुणे विभाग की आयुक्त शीतल उगले तेली(आईएएस), पुणे कृषि महाविद्यालय के डीन सुभाष भालेकर तथा ईशरे के सोसायटी अध्यक्ष डॉ आर. सरवानन प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. रेफ्रिजरेशन एवं कोल्ड चेन उद्योग के ‘महाकुंभ’ के रूप में पहचाने जाने वाले इस 3 दिवसीय आयोजन में भारत सहित विदेशों के हजारों उद्योगपति,निर्माता,तकनीक आपूर्तिकर्ता,कॉन्ट्रैक्टर, नीति निर्माता,सरकारी प्रतिनिधि, निर्णयकर्ता और शिक्षाविद भाग लेंगे. प्रदर्शन में 200 से अधिक स्टॉल्स के माध्यम से आधुनिक,स्मार्ट,इक-फ्रेंडली और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तकनीकों एवं उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा. रेफकोल्ड इंडिया-2026 के चेयरमैन अरविंद सुरंगे ने पत्रकार-वार्ता में बताया कि, इस आयोजन के माध्यम से वैश्विक उद्योग जगत के प्रमुख विशेषज्ञों, इनोवेटरों और नीति निर्माताओं को एक मंच पर लाया जा रहा है. खाद्य सुरक्षा, औषधि निर्माण, स्वास्थ्य सेवा और कृषि क्षेत्र के लिए मजबूत कोल्ड चेन व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है. इस प्रदर्शनी में आधुनिक एवं टिकाऊ तकनीकों के माध्यम से इन क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने के साथ उद्योग के विकास के नए अवसरों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.