स्वार्थ दुनिया की सभी समस्याओं की जड़ : श्री माता अमृतानंदमयी देवी

निगड़ी में आयोजित दो दिवसीय पुणे ब्रह्मस्थानम महोत्सव का आज तड़के समापन : हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे

    16-Nov-2026
Total Views |
 




निगड़ी, 15 नवंबर (आ.प्र.)
पुणे ब्रह्मस्थानम महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए श्री माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) ने कहा कि स्वार्थ दुनिया की समस्याओं का मूल कारण है. स्वार्थ एक वायरस की तरह है. चाहे वह युद्ध हो, गरीबी हो या पर्यावरणीय चुनौतियां हों, हम हर समस्या में इस वायरस की उपस्थिति देख सकते हैं. उन्होंने कहा, हमारे ऋषियों ने हमें विविधता में एकता देखना सिखाया है. उस दृष्टिकोण में कोई घृणा या द्वेष नहीं है, कोई दुख या गुस्सा नहीं है. हम हर किसी और हर चीज में केवल भलाई देखते हैं. पिंपरी के विधायक अण्णा दादू बनसोडे, महाराष्ट्र विधान परिषद की सदस्य उमा खापरे, उपमुख्यमंत्री की सलाहकार श्वेता शालिनी और सिम्बायोसिस इंटरनेशनल के कुलपति रामकृष्ण रमन ने माला पहनाकर अम्मा का स्वागत किया. नशीले पदार्थों के सेवन को रोकने के प्रयासों के अंतर्गत मठ की युवा शाखा ‌‘आयुध‌’ के नेतृत्व में नशामुक्ति शपथ दिलाई गई. अम्मा की उपस्थिति में अमृताश्री सदस्यों को सहायता भी वितरित की गई. दो दिवसीय महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. उपस्थित सभी लोगों को अम्मा द्वारा दर्शन दिए जाने के बाद सोमवार तड़के कार्यक्रम का समापन होगा. अम्मा अगले ब्रह्मस्थानम महोत्सव का नेतृत्व करने सोमवार को मुंबई के लिए रवाना होंगी. पुरस्कार निःस्वार्थ भाव से काम करने वाले बच्चों को समर्पित मराठी पत्रकार संघ द्वारा दिया गया यह पुरस्कार मेरे बच्चों द्वारा दिया गया पुरस्कार है. मेरे बच्चे ही मेरा सबसे बड़ा पुरस्कार हैं और दुनिया को निःस्वार्थ भाव से सेवा देने वाले इन बच्चों को मैं यह पुरस्कार समर्पित करती हूं, ऐसे भावपूर्ण शब्दों में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आध्यात्मिक गुरु तथा विश्वमाता माता अमृतानंदमयी (अम्मा) ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. मराठी पत्रकार संघ की ओर से निगड़ी में शनिवार (14 नवंबर) को आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल के हाथों अम्मा को जीवनगौरव पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस समारोह में विधायक महेश लांडगे, संपादक शीतल पवार, डी. वाई. पाटिल यूनिवर्सिटी की भाग्यश्री पाटिल, कोहिनूर ग्रुप के अध्यक्ष कृष्णकुमार गोयल, वीजे डेवलपर्स की अस्मिता जावडेकर, मराठी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष किरण जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक इनामदार आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो संदेश के माध्यम से इस समारोह को शुभकामनाएं दीं.
 
कार्यक्रम में अम्मा ने कहा, महाराष्ट्र संत-महात्माओं की भूमि है. छत्रपति शिवाजी महाराज और छत्रपति संभाजी महाराज ने त्याग और देशभक्ति का आदर्श प्रस्तुत किया है. महाराष्ट्र के महापुरुषों का योगदान अत्यंत प्रेरणादायी है. समाज में धर्म की भावना और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है. पत्रकार अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं, इसके लिए मैं प्रार्थना करती हूं. उन्होंने यह भी कहा कि वे अत्यंत विनम्र भाव से इस पुरस्कार को स्वीकार कर रही हैं. अम्मा के स्नेह का स्पर्श करोड़ों लोगों तक पहुंचा है. दुःख में जीवन बिता रहे लोगों को अध्यात्म से प्रेरणा मिलनी चाहिए, इस विचार से अम्मा ने अध्यात्म को समाज सेवा का स्वरूप दिया और करुणा को एक आंदोलन का रूप दिया. वे सामाजिक कृतज्ञता की भावना से कार्य करती हैं. प्राकृतिक आपदाओं के समय भी उन्होंने सहायता का बड़ा हाथ आगे बढ़ाया है. उनके इस महान कार्य को मैं नमन करता हूं. पुणे संतों की भूमि है और इस संत भूमि में अम्मा का स्वागत करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है, ऐसा मोहोल ने उल्लेख किया. कार्यक्रम की प्रस्तावना मराठी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष किरण जोशी ने की. संदीप चव्हाण ने संचालन किया, जबकि विवेक इनामदार ने आभार व्यक्त किया.