कोरेगांव पार्क, 16 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) स्वतंत्रता सेनानी और देश के प्रथम शिक्षा मंत्री भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की 138वीं जयंती के अवसर पर पुणे में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. भारतरत्न मौलाना आजाद सोशल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से कोरेगांव पार्क स्थित मौलाना आजाद मेमोरियल हॉल में संस्थापक अध्यक्ष अमानत शेख के नेतृत्व में मुस्लिम को-ऑपरेटिव बैंक के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत मौलाना आजाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. पूर्व विधायक मोहन जोशी के हाथों मौलाना आजाद के जीवन, शैक्षणिक योगदान और देश के लिए किए गए कार्यों पर आधारित सूचना पट्ट का उद्घाटन किया गया. समारोह की अध्यक्षता मोहन जोशी ने की. प्रमुख अतिथियों में नागपुर वेिशविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. एस. एन. पठान, पी. ए. इनामदार वेिशविद्यालय की कुलाधिपति आबेदा इनामदार, पुणे शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर प्रशांतदादा जगताप, नगरसेवक गफूर पठान, पूर्व नगरसेवक डॉ. सिद्धार्थ धेंडे और पूर्व विधायक महादेव बाबर उपस्थित थे. इस अवसर पर समाजसेवियों, नगरसेवकों, डॉक्टरों, पत्रकारों, शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मौलाना आजाद के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, राष्ट्रीय एकता, सहिष्णुता और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी सेवाओं को याद करते हुए उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया गया.