पुणे, 16 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पुणे जिला परिषद के प्रवेशद्वार का नामकरण ‘लोकनेते अजितदादा पवार प्रवेशद्वार’ करते हुए परिसर में स्थापित पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व.अजित पवार की अर्धप्रतिमा का अनावरण किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित राज्य के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे. नेहरू मेमोरियल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि अजित पवार को दूध संघों, प्राथमिक कृषि ऋण समितियों, चीनी मिलों, शहरी सहकारी बैंकों और जिला सहकारी बैंकों के कामकाज की गहरी जानकारी थी. वे ग्रामीण विकास और सहकारिता क्षेत्र के चलते-फिरते ज्ञानकोश थे. उनकी कार्यशैली नई पीढ़ी के राजनीतिक नेतृत्व के लिए वेिशविद्यालय की तरह है. शाह ने कहा कि सर्वोच्च पदों पर रहने के बावजूद अजित पवार का जुड़ाव आम लोगों और पुणे जिले, बारामती तथा पिंपरी-चिंचवड़ की समस्याओं से बना रहा. चीनी मिलों के आयकर का मुद्दा हो या कोरोना महामारी के दौरान नागरिकों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास, उन्होंने हर विषय पर लगातार काम किया. बारामती के विकास में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा. उनकी कार्यशैली में नियोजन, अनुशासन और समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने की विशेषता थी. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांतदादा पाटिल, कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे, ग्राम विकास मंत्री जयकुमार गोरे, नगर विकास राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, गृह राज्यमंत्री योगेश कदम, विधानसभा उपाध्यक्ष अन्ना बनसोडे, जिला परिषद अध्यक्ष वीरधवल जगदाले, सांसद सुप्रिया सुले और पार्थ पवार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.इसके अलावा पूर्व मंत्री दिलीप वलसे पाटिल, रवींद्र चव्हाण, ग्राम विकास विभाग के सचिव चंद्रकांत पुलकुंडवार और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटिल भी मौजूद थे. इस अवसर पर अमित शाह और अन्य अतिथियों ने अजित पवार के जीवन एवं कार्यों पर आधारित ‘ट्रिब्यूट गैलरी’ का भी अवलोकन किया.
वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने आर्थिक अनुशासन बनाए रखा : फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अजित पवार कड़े अनुशासन वाले, स्पष्टवादी और प्रशासन पर मजबूत पकड़ रखने वाले दूरदर्शी नेता थे. वे सुबह छह बजे काम के लिए तैयार हो जाते थे और सात बजे से कामकाज शुरू कर देते थे. वित्त मंत्री के रूप में कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने आर्थिक अनुशासन बनाए रखा. विकास कार्यों में गुणवत्ता, निधि के उचित उपयोग और अपेक्षित परिणामों पर उनका विशेष जोर रहता था.
उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प लें : उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि अजितदादा की अर्धप्रतिमा का अनावरण भावुक क्षण है. जिस पुणे जिले के विकास के लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया, उसी जिला परिषद परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित होना गौरव की बात है. उन्होंने गांवों, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में पौधे लगाकर उनका संरक्षण करने का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि अजितदादा की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए.
जिले के सतत विकास के शिल्पकार थे : उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि अजित पवार का पुणे और बारामती से राजनीतिक संबंधों से परे गहरा जुड़ाव था. पुणे मेट्रो, रिंग रोड और यातायात की समस्याओं के समाधान सहित कई विकास परियोजनाओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनके द्वारा शुरू की गई परियोजनाओं को पूरा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी.