यूपी एसटीएफ के राइफलों की पहली खेप को हरी झंडी
गृहमंत्री अमित शाह ने भारत फोर्ज के मुंढवा स्थित संयंत्र का किया दौरा
17-Nov-2026
Total Views |
मुंढवा, 16 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को मुंढवा स्थित कल्याणी-भारत फोर्ज संयंत्र का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (यूपी एसटीएफ) के लिए 5.56 x45 मिमी राइफलों की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. वेिश के सबसे बड़े फोर्जिंग संयंत्र के रूप में पहचाने जाने वाले इस प्रतिष्ठान में अमित शाह का स्वागत पद्म भूषण से सम्मानित भारत फोर्ज लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक बाबा कल्याणी ने किया. इस अवसर पर उन्होंने भारत फोर्ज की 60वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में स्मारक पट्टिका का अनावरण भी किया. यह पट्टिका कंपनी की छह दशक की इंजीनियरिंग उत्कृष्टता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को दर्शाती है. दौरे के दौरान गृह मंत्री ने फोर्जिंग उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण किया और कंपनी के नेतृत्व के साथ उसकी प्रगति पर चर्चा की. बातचीत में आत्मनिर्भर भारत और सशक्त एवं सुरक्षित भारत के लक्ष्य के अनुरूप देश की विनिर्माण तथा रक्षा क्षमताओं को मजबूत बनाने में भारत फोर्ज की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया. अमित शाह को कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली रक्षा सहायक इकाई कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड (केएसएसएल) द्वारा देश में डिजाइन और निर्मित रक्षा उत्पादों की जानकारी भी दी गई. इनमें छोटे हथियार, तोपें, गोला-बारूद प्रणालियां तथा जमीन, हवा और पानी में काम करने वाली मानवरहित प्रणालियां शामिल ह्ैं.