आहार व व्यायाम से 61% मरीजों में डायबिटीज रेमिशन

चेलाराम डायबिटीज इंस्टीट्यूट और डॉ. काले क्लीनिक का संयुक्त अध्ययन

    18-Nov-2026
Total Views |
 
vdf
डेक्कन, 17 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)
शुरुआती चरण के टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए पारंपरिक भारतीय आहार और नियमित व्यायाम प्रभावी साबित हो सकते हैं. पुणे स्थित चेलाराम डायबिटीज इंस्टीट्यूट और छत्रपति संभाजीनगर के डॉ. काले डायबिटीज एंड साइकियाट्री क्लीनिक के संयुक्त अध्ययन में यह बात सामने आई है. अध्ययन के अनुसार, छह महीने तक आहार और जीवनशैली में बदलाव अपनाने वाले 60.9 प्रतिशत मरीजों ने बिना दवाओं के डायबिटीज रेमिशन की स्थिति प्राप्त की. अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल डायबिटीज एंड मेटाबॉलिक सिंड्रोम : क्लिनिकल रिसर्च एंड रिव्यूज में प्रकाशित इस अध्ययन में 87 ऐसे वयस्कों को शामिल किया गया था, जिन्हें दो वर्ष या उससे कम समय से टाइप-2 डायबिटीज था. प्रतिभागियों को मल्टीग्रेन रोटी, दालें, अंकुरित अनाज, हरी सब्जियां, सूखे मेवे और फल जैसे पारंपरिक भारतीय खाद्य पदार्थों वाला संतुलित आहार दिया गया. इसके साथ प्रतिदिन 40 मिनट पैदल चलने और 10 मिनट गहरी सांस लेने के व्यायाम की सलाह दी गई. छह महीने बाद 87 में से 53 मरीजों (60.9 प्रतिशत) में बिना ब्लड शुगर नियंत्रित करने वाली दवाओं के रेमिशन पाया गया. वजन में औसतन 4.67 किलोग्राम की कमी आई, जबकि एचबीए1सी का स्तर 7.32 से घटकर 6.27 प्रतिशत पर आ गया. नियमित रूप से कम से कम 80 प्रतिशत दिनों तक पैदल चलने वाले प्रतिभागियों में रेमिशन की संभावना अन्य लोगों की तुलना में 8.24 गुना अधिक रही.