सीडब्ल्यूपीआरएस में कल राष्ट्रीय कार्यशाला

19 व 20 नवंबर को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल करेंगे उद्घाटन

    18-Nov-2026
Total Views |
 
vdvd
खड़कवासला, 17 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान संस्थान (सीडब्ल्यूपीआरएस) में 19 और 20 नवंबर को इंटीग्रेटेड रिवर, रिजर्वायर एंड डैम सिस्टम्स विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी. इसका उद्घाटन केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटील करेंगे. राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी और सचिव अर्चना वर्मा सहित केंद्रीय जल आयोग के अध्यक्ष, राष्ट्रीय जल मिशन के संयुक्त सचिव और कई वरिष्ठ अधिकारी इसमें शामिल होंगे. सीडब्ल्यूपीआरएस के निदेशक डॉ. एम. सेल्वा बालन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि कार्यशाला में दिबांग फिजिकल स्पिलवे मॉडल और कालेेशरम के मेदिगड्डा बैराज मॉडल का उद्घाटन किया जाएगा. इसके साथ ही संस्थान की पिछले 20-30 वर्षों की तकनीकी उपलब्धियों पर आधारित चार तकनीकी ज्ञापन जारी होंगे और तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. इसरो के स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (अहमदाबाद) के सहयोग से आपदा के दौरान उपग्रह संचार के जरिए त्वरित निगरानी के लिए संचार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे. भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के साथ समझौते से सुपरकंप्यूटिंग सुविधा मिलेगी, जिससे 10 दिनों में होने वाला काम एक दिन में पूरा करने की संभावना है. भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के साथ भी तकनीकी सहयोग का समझौता होगा. ब्रह्मपुत्र नदी प्रणाली की जटिल समस्याओं के समाधान में भी संस्थान सहयोग करेगा.संस्थान शहरी बाढ़ प्रबंधन के क्षेत्र में पुणे मनपा के साथ काम कर रहा है. पुणे के अलावा वसई-विरार, मुंबई, सूरत और असम में भी अध्ययन किए जा रहे हैं.कार्यशाला में एलएंडटी, अफकॉन्स, पोलावरम अथॉरिटी, मेघा, डीआरडीओ और आईएमडी सहित सरकारी एवं निजी संस्थाएं भाग लेंगी. 19 नवंबर को राष्ट्रीय जल मिशन के तहत ‌‘कैच द रेन‌’ सहित जलशक्ति मंत्रालय की परियोजनाओं की समीक्षा भी होगी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी कार्यशाला से ऑनलाइन जुड़ेंगे.