पुणे, 1 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) सदाशिव पेठ स्थित नेशनल एसोसिएशन फॉर द वेलफेयर ऑफ फिजिकली चैलेंज्ड (N WPC) संस्थान में दृष्टिबाधित और दिव्यांग विद्यार्थियों ने उत्साह और उल्लास के साथ दिवाली मनाई. इस अवसर पर संस्थान के परिसर को रंगोली, आकाश कंदील और फूलों की मालाओं से सजाया गया था. विद्यार्थियों ने दिवाली के गीत गाकर, तालियां और सीटियां बजाकर उत्सव का आनंद लिया. संस्थान की ओर से बच्चों को नए कपड़े, मिठाइयां और उपहार वितरित किए गए. इसके बाद विद्यार्थियों ने अतिथियों के साथ आतिशबाजी कर दिवाली का जश्न मनाया. कार्यक्रम में आयकर आयुक्त नितिन वाघमोड़े, पुणे मनपा के उपायुक्त प्रशांत ठोंबरे, वरिष्ठ अभिनेता श्रीरंग देशमुख, अभिनेत्री सीमा देशमुख, पंडित जावड़ेकर एसोसिएट्स के निदेशक राहुल पंडित और सुचित्रा जावडेकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. इस दौरान संस्थान के छात्रावास में रहकर शिक्षा पूरी करने वाले सफल दृष्टिबाधित विद्यार्थियों और संस्थान के नवविवाहित जोड़ों का सम्मान किया गया. साथ ही चयनित दृष्टिबाधित छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई. आयकर आयुक्त नितिन वाघमोड़े ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार दिवाली का ऐसा अनूठा उत्सव देखा है. संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल देशमुख और देवता देशमुख हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संवार रहे हैं. उपायुक्त प्रशांत ठोंबरे ने संस्थान के कार्यों को सराहनीय बताते हुए पुणे मनपा की ओर से हरसंभव सहयोग देने का ओशासन दिया. अभिनेत्री सीमा देशमुख ने कहा कि राहुल देशमुख ने स्वयं दृष्टिबाधित होने की चुनौती का सामना कर अन्य विद्यार्थियों के लिए सफलता का मार्ग तैयार किया है. वहीं, अभिनेता श्रीरंग देशमुख ने समाज से संस्थान के कार्यों में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की. कार्यक्रम का प्रास्ताविक संस्थान के अध्यक्ष राहुल देशमुख ने किया, जबकि संचालन देवता अंदुरे देशमुख और तेजस्विनी गांधी ने किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित विद्यार्थी और उनके अभिभावक भी उपस्थित थे.