रक्तदान के माध्यम से बचाई जा सकती है जान : डॉ. राजेश शाह

    02-Nov-2026
Total Views |
 vdf
 
 कसबा पेठ, 1 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि एक श्रेष्ठ पुण्यदान है. समाज का आम व्यक्ति भी रक्तदान में भाग लेकर अमूल्य योगदान दे सकता है. एक व्यक्ति के रक्तदान से जशरतमंद मरीजों की जान बचाने में मदद मिल सकती है, ये विचार ‌‘दि पूना गुजराती केलवणी मंडल‌’ (पीजीकेएम) के अध्यक्ष डॉ. राजेश शाह ने व्यक्त किए. वे हरिभाई वी. देसाई कॉलेज में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते हुए बोल रहे थे. इस शिविर में कुल 75 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय दिया. पूना हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के राकेश जैन ब्लड बैंक ने रक्त संग्रहण किया. दि पूना गुजराती केलवणी मंडल, श्री पूना गुजराती बंधू समाज, हरिभाई वी. देसाई कॉलेज और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में, स्वर्गीय नितिनभाई देसाई की जयंती की पूर्व संध्या और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर यह शिविर आयोजित किया गया. शनिवार (31 अक्टूबर) को हुए इस शिविर में निशा देसाई और गुजरात के जाने-माने स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं लेखक डॉ. शरद ठाकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस शिविर के आयोजन में संस्था के नैनेश नंदू, जनकभाई शाह, हरेश शाह, दिलीप जगड, पंकज डेडिया, विनोद डेडिया, हेमंत मणियार और वल्लभभाई पटेल ने सहयोग किया. हर साल इस मौसम में रक्तदान की किल्लत की खबरें सामने आती है. पुणे में हर दिन तय मात्रा में रक्त की जरुरत होती है. ऐसे में इस तरह के रक्तदान से निश्चित रुप से उन लोगों को राहत मिलेगी जिन्हें तत्काल रक्त की जरुरत महसूस होगी. फिलहाल शहर में कई संगठनों की तरफ से रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे है जहां युवा उत्साह के साथ शामिल होकर रक्तदान कर रहे है. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र गुरव के मार्गदर्शन में शिविर का आयोजन किया गया. राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, खेल विभाग के खिलाड़ियों, सुपरवाइजर द्वारकेश दवे, सेवक वर्ग और संस्था के प्रशासनिक अधिकारी संदीप देशपांड़े ने शिविर के आयोजन में भाग लिया. कार्यक्रम का संचालन प्रा. ऋतुजा हांडे ने किया.