सिंहगढ़ रोड़, 1 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) हेलिओस इंटरनेशनल स्कूल में तीन दिवसीय सुरक्षा सप्ताह का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया. इस विशेष कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 10वीं तक के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में सुरक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करना और उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था. यहां तीन महत्वपूर्ण विषयों - विद्यालय में सुरक्षा, घर में सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों और सावधानियों की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने, घर में बिजली के उपकरणों एवं अन्य वस्तुओं का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा सड़क पर यातायात के नियमों का पालन करने का महत्व समझा. अंतिम दिन आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों ने आयोजन किया. उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने का संदेश दिया. विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने इस रैली को सफल बनाया. हेलिओस इंटरनेशनल स्कूल की यह पहल विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और सुरक्षित नागरिक बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम रही.