श्री खाटूधाम में बाबा श्याम का पाटोत्सव एवं जन्मोत्सव 20 नवंबर को

भव्य श्रृंगार और मिलन मेले के साथ महिला उद्यमियों को मिलेगा मंच

    20-Nov-2026
Total Views |
 
vzsf
कोंढवा, 19 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

 कोंढवा स्थित श्री खाटूधाम मंदिर में शुक्रवार, 20 नवंबर को बाबा श्याम का पावन पाटोत्सव एवं जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा इस अवसर पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा. मंदिर परिसर को फूलों, आकर्षक रोशनी और भव्य सजावट से सजाया जा रहा है. उत्सव के तहत विशेष मिलन मेले का आयोजन भी किया गया है. इसमें महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिलाओं द्वारा संचालित छोटे व्यवसायों के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे. इसके माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ व्यवसाय को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा. कार्यक्रम में सामाजिक सरोकारों को भी विशेष महत्व दिया गया है. एलायंस क्लब के सहयोग से नेत्रदान संकल्प शिविर आयोजित किया जाएगा. इसके माध्यम से लोगों को नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक कर उन्हें इस महादान के लिए प्रेरित किया जाएगा. आयोजकों ने श्रद्धा और मानव सेवा को जोड़ते हुए संदेश दिया है,
  
 बाबा हमारे शीश के दानी, हम उनके भक्त नेत्रदानी! समिति का उद्देश्य श्याम भक्तों को नेत्रदान का संकल्प दिलाकर जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने के लिए प्रेरित करना है. कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भव्य भजन संध्या होगी, जिसका शुभारंभ शाम 4 बजे से किया जाएगा. इसमें राजस्थान के कोटा से दीक्षा जी राठौर, मध्य प्रदेश के खरगोन से संदेश जी राही एवं पुणे की सुप्रसिद्ध भजन गायिका शिवानी भारद्वाज अपनी सुमधुर वाणी से बाबा श्याम के भजनों की अमृतवर्षा करेंगे और भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे. इस पावन उत्सव के दौरान बाबा श्याम पर मनोहारी इत्र एवं पुष्प वर्षा भी की जाएगी, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी. श्री खाटूधाम, खाटू श्याम बाबा सेवा समिति, पुणे की मंदिर कमेटी ने समस्त श्याम प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से सादर निवेदन किया है कि वे इस पावन पाटोत्सव एवं जन्मोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा अपनी सहभागिता से इस भव्य आयोजन को सफल एवं यादगार बनाएं.