जीएसटी एवं सीमा शुल्क का खो-खो टूर्नामेंट संपन्न

    20-Nov-2026
Total Views |
 
vdf
पुणे, 19 नवंबर (आ.प्र.)

 बाल दिवस के अवसर पर केंद्रीय जीएसटी एवं सीमा शुल्क विभाग, पुणे की ओर से अंडर-14 आयु वर्ग की लड़कियों के लिए खो-खो टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. इसमें चार टीमों- अहिल्यादेवी क्रीड़ा मंडल, समता स्पोर्ट्स क्लब, ईगल्स पुणे और नूतन क्रीड़ा मंडल की कुल 60 युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी शामिल थीं. इस टूर्नामेंट का उद्देश्य भारत के पारंपरिक खेल खो-खो को प्रोत्साहित करने के साथ जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को अवसर देना, लड़कियों की खेलों में भागीदारी बढ़ाना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था. रोमांचक मुकाबले में अहिल्यादेवी क्रीड़ा मंडल ने नूतन क्रीड़ा मंडल को 22-20 के अंतर से हराकर जीत हासिल की. मुकाबला तीसरी पारी तक चला और अहिल्यादेवी क्रीड़ा मंडल को 1.40 मिनट का अतिरिक्त समय मिला. मध्यांतर तक अहिल्यादेवी क्रीड़ा मंडल 7-6 से एक अंक की बढ़त बनाए हुए था.इस मुकाबले में कुमारी दिया नवले ने 2.09 मिनट और 2.21 मिनट तक डिफेंस में खेलते हुए 5 अंक हासिल किए. अनन्या उमेश शिंदे ने 2.34 मिनट, 1.15 मिनट और 2.39 मिनट तक डिफेंस में खेलकर शानदार प्रदर्शन किया. वहीं, स्वरा कालोखे ने 1.08 मिनट तक डिफेंस में खेलते हुए 7 अंक बनाए्‌‍. नूतन क्रीड़ा मंडल की ओर से किमाया जगताप ने 6 और शुभ्रा भगत ने 4 अंक हासिल किए.कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती राखी पुष्कर बर्वे, छत्रपति पुरस्कार विजेता शिव, पुणे सीमा शुल्क के प्रधान आयुक्त डी. अनिल, न्यू इंग्लिश स्कूल रमणबाग के अध्यक्ष मिलिंद कांबले और विद्यालय की प्रधानाचार्य आशा माने ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए. इस अवसर पर खेल जगत की कई हस्तियां और सीजीएसटी एवं सीमा शुल्क विभाग, पुणे जोन के अधिकारी उपस्थित थे.