पुणे, 19 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क ) राजकुमार वानखेड़े ने मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण किया है. वे भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा के वर्ष 1990 बैच के अधिकारी हैं. मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक का पदभार संभालने से पहले वे उत्तर मध्य रेलवे में अपर महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत थे. राजकुमार वानखेड़े ने गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, औरंगाबाद से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मुंबई से एम.टेक. की उपाधि प्राप्त की है. उन्हें भारतीय रेल, निर्माण संगठनों, राइट्स तथा मेट्रो क्षेत्र में 36 वर्षों से अधिक का व्यापक एवं विविध अनुभव प्राप्त है. अपने विशिष्ट सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न मंडलों एवं संगठनों में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है. इनमें पश्चिम रेलवे के रतलाम एवं वडोदरा मंडल, दक्षिण मध्य रेलवे का नांदेड़ मंडल तथा पश्चिम रेलवे, मध्य रेल और उत्तर मध्य रेलवे के निर्माण संगठन, राइट्स एवं नागपुर मेट्रो सहित अन्य संस्थान शामिल हैं. यह जानकारी मध्य रेल के मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला ने दी.