गुरुनानक जयंती समारोह के मौके पर डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद
21-Nov-2026
Total Views |
कैम्प, 20 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार में 24 नवंबर को श्री गुरुनानक देवजी के प्रकाश पर्व के भव्य समारोह में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है. पुणे कैम्प सिख एसोसिएशन, गुरुद्वारा की साथसंगत और गुरुनानक मेडिकल फाउंडेशन की ओर से इस अवसर पर धार्मिक, आध्यात्मिक और मानव सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. इन समारोहों के माध्यम से गुरुनानक देवजी की शिक्षाओं को प्रमुखता से प्रसारित किया जाएगा. इनमें नाम जप, कीर्तन, वंड छकना (दूसरों के साथ बांटकर खाना) और सरबत दा भला जैसे सिद्धांत शामिल हैं. 21 नवंबर को भव्य नगर कीर्तन होगा. . इनमें श्रद्धालु भक्ति कीर्तन करते हुए शामिल हो रहे हैं. इसकी शुरुआत गुरुद्वारा श्री गुरुसिंह सभा से होगी और समापन कैंप स्थित गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार में होगा. धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 22 नवंबर की सुबह 48 घंटे के अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ होगा, जिसका समापन 24 नवंबर को सुबह 7 बजे होगा. इस दौरान 22 और 23 नवंबर को दरबार साहिब, अमृतसर के प्रसिद्ध कीर्तनकारों द्वारा कीर्तन और कथा प्रस्तुत की जाएगी. 24 नवंबर को मुख्य समारोह दो सत्रों में आयोजित होंगे. पहला सत्र सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरा सत्र शाम 7 बजे से रात 1 बजे तक चलेगा. इसमें दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागियों द्वारा कीर्तन और कथा प्रस्तुत की जाएगी. धार्मिक कार्यक्रमों के साथ ही गुरुनानक मेडिकल फाउंडेशन की ओर से 21 से 24 नवंबर तक चार दिवसीय विशाल निः शुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन भी किया जाएगा. यह शिविर फाउंडेशन के मेडिकल सेंटर में आयोजित होगा.