जीवनपर्यंत संयम-पथ पर अडिग रहने की प्रतिज्ञा है ‌‘संयम‌’: युवाचार्य

रौनक जैन ने छोड़ा सांसारिक जीवन, रजोहरण थामकर बनीं साध्वी संवेगयशाजी : 29 नवंबर को बनेड़ा में दीक्षा

    21-Nov-2026
Total Views |
 
vdsfr
भीलवाड़ा, 20 नवंबर (आ. प्र.)

दीक्षा वह क्षण है, जहां साधक अपनी इच्छा से ऊपर उठकर गुरु-आज्ञा को जीवन का विधान बना लेता है. संयम की शुचिता तप से पहले समर्पण में और साधना की दृढ़ता पुरुषार्थ से पहले आज्ञापालन में प्रकट होती है, ये उद्बोधन युवाचार्य महेंद्र ऋषिजी ने मुमुक्षा रौनक जैन को दीक्षा-पाठ एवं रजोहरण प्रदान करते हुए व्यक्त किए. उन्होंने कहा कि, दीक्षा के बाद व्यक्तिगत आग्रह का स्थान समाप्त होकर गुरु-आज्ञा का क्रम प्रारंभ होता है. तप, प्रत्याख्यान, अध्ययन अथवा साधना हर कदम गुरु के मार्गदर्शन में उठे. जहां समर्पण पूर्ण होता है, वहीं संयम की दृढ़ता और शुद्धता विकसित होती है. युवाचार्य ने नवसंयमी जीवन के तीन आधार बताए- गुरु-आज्ञा को शिरोधार्य करना, ज्ञान-साधना एवं आचरण से संघ का गौरव बढ़ाना और प्रत्येक क्षण जागृत रहना. संयम केवल वेश परिवर्तन नहीं, चेतना को अनुशासन, ज्ञान और आत्मलक्ष्य की दिशा में प्रतिष्ठित करने की प्रक्रिया है. ‌‘करेणी भंते‌’ का पाठ क्षणिक भाव का संकल्प नहीं, जीवनपर्यंत संयम-पथ पर अडिग रहने की प्रतिज्ञा है. मुमुक्षा रौनक जैन की सहमति एवं चतुर्विध संघ की साक्षी में युवाचार्यश्री ने उन्हें संयम-पाठ एवं रजोहरण प्रदान किया. इसके साथ ही उनका नया संयमी नाम नवदीक्षिता साध्वी संवेगयशाजी घोषित किया गया. नवदीक्षिता साध्वी संवेगयशाजी की बड़ी दीक्षा 29 नवंबर को बनेड़ा में संपन्न कराने की घोषणा की गई और उन्हें यशोदीप्ति मधुकंवरजी की शिष्या घोषित किया.