बाबा गंगाराम के संकीर्तन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

भजनों की स्वर लहरियों और शंखनाद ने बांधा समां : समाजसेवियों को किया गया सम्मानित

    24-Nov-2026
Total Views |
 
vdfc
कैम्प, 23 नवंबर (आ.प्र.)

कार्तिक मास में पुणे के अग्रवाल समाज को भक्ति और आध्यात्मिकता से सराबोर करने वाला श्री बाबा गंगाराम का भव्य संकीर्तन अल्पबचत भवन में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ. श्री बाबा गंगाराम सेवा समिति तथा जगदीश अग्रवाल, विजय अग्रवाल और आखिल अग्रवाल के संयुक्त आयोजन में हुए इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. पूरा परिसर बाबा के जयकारों, भजनों और शंखनाद से भक्तिमय हो उठा. खास बात यह रही कि कार्यक्रम में बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक चार पीढ़ियों की एक साथ मौजूदगी ने सामाजिक एकता और धार्मिक परंपराओं की सुंदर तस्वीर पेश की. मंच पर साकार हुआ झुंझुनू के पंचदेव मंदिर का स्वरूप कार्यक्रम का मंच झुंझुनू स्थित पंचदेव मंदिर की भव्य छवि के अनुरूप सजाया गया था. बाबा पंचदेव की महिमा, धर्म, धार्मिकता, संस्कृति और संस्कारों को सामाजिक जीवन से जोड़ने वाली आकर्षक सज्जा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. पुणे की अपर्णा जी और कोलकाता के भजन सम्राट केशव मधुकर ने अपने मधुर भजनों से ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए. कार्यक्रम में विशेष शंखनाद की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही. आधुनिक जीवनशैली में कहीं पीछे छूटते जा रहे सनातन संस्कृति के संस्कारों और परंपराओं का स्मरण कराने के उद्देश्य से शंखनाद किया गया. इसके बाद श्रद्धालुओं ने हाथों में दीप लेकर दीपमाला सजाई और बाबा के जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया. महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक डांडिया नृत्य भी किया. इस आयोजन में पुणे ही नहीं, बल्कि हुबली, मुंबई, बेंगलुरु, लोनावला और राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से अग्रवाल समाज के भाई-बहन शामिल हुए. हजारों की संख्या में बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया. इस अवसर पर अग्रवाल समाज पुणे के अध्यक्ष ईेशर गोयल एवं कांता गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहे. विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ बाबा गंगाराम आयोजन समिति से जगदीश अग्रवाल, विजय अग्रवाल, द्वारका जालान, मुकेश कनोडिया, राजकुमार, अमित अग्रवाल, गीता गोयल, नीता अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, नरेश जालान, विनोद जालान और विजय मित्तल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. माहेेशरी समाज और खंडेलवाल समाज के अनेक भाई-बहनों ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाई.  
 
समाजसेवा और नेत्रदान हेतु दो लोगों का सम्मान
कार्यक्रम में धार्मिक भक्ति के साथ सामाजिक सरोकारों को भी विशेष महत्व दिया गया. नेत्रदान के प्रति लोगों में जागरूकता और सहयोग की भावना विकसित करने के लिए अथक प्रयास करने वाले अग्रवाल समाज के समर्पित कार्यकर्ता माखन अग्रवाल को सम्मानित किया गया. वहीं, वृद्धाश्रम के संचालन और अन्य सराहनीय सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान देने वाले राजीव अग्रवाल को भी बाबा पंचदेव मंदिर की प्रतिमा के स्वरूप वाला सम्मान चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया.
 
कार्यक्रम में आयोजकों की श्रद्धा और समर्पण नजर आया

पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, सजगता और सुव्यवस्थित प्रबंधन की विशेष झलक दिखाई दी. मंच सज्जा से लेकर भजन प्रस्तुति, शंखनाद, दीपमाला और प्रसाद वितरण तक प्रत्येक व्यवस्था में आयोजकों की श्रद्धा और समर्पण नजर आया. उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से कार्यक्रम का आनंद लिया. बाबा गंगाराम आयोजन समिति तथा जगदीश, विजय, विजयलक्ष्मी, आतिश, सुजाता और बाल गोपाल के सहयोग से कार्तिक मास में आयोजित यह संकीर्तन पुणे के अग्रवाल समाज के लिए एक यादगार धार्मिक सौगात बन गया.