कार्तिक पूर्णिमा, जिसे देव दिवाली एवं प्रकाश पर्व के रूप में भी जाना जाता है. यह पर्व मंगलवार (24 नवंबर) को मनाया जा रहा है. कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू एवं जैन सहित विभिन्न धार्मिक परंपराओं में विशेष महत्त्व है. जैन धर्म में यह दिन तीर्थयात्रा, जिनालय दर्शन, चैत्यवंदन और आध्यात्मिक आराधना के लिए विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण माना जाता है. शत्रुंजय गिरिराज : जैन आस्था का वेिशविख्यात तीर्थ जैन धार्मिक परंपरा के अनुसार कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा का दिन गुजरात के भावनगर जिले में स्थित पालिताना के शत्रुंजय गिरिराज की यात्रा के लिए विशेष महत्त्व रखता है. चातुर्मास की अवधि पूर्ण होने के पश्चात इस दिन से गिरिराज की तीर्थयात्रा पुनः प्रारंभ होती है. इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पालिताना पहुंचते हैं और श्रद्धा एवं भक्तिभाव से गिरिराज की यात्रा करते हैं. शत्रुंजय गिरिराज जैन समाज के लिए आत्मशुद्धि, वैराग्य, तपस्या और आध्यात्मिक उन्नति का प्रतीक है. जो पालिताना नहीं पहुंच पाते, उनके लिए है भावयात्रा की परंपरा कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अनेक श्रद्धालु स्वास्थ्य, दूरी, आयु अथवा पारिवारिक परिस्थितियों के कारण पालिताना नहीं पहुंच पाते. ऐसे श्रद्धालुओं के लिए जैन समाज में एक सुंदर धार्मिक परंपरा प्रचलित है. वे अपने-अपने नजदीकी जैन जिनालय में जाकर श्री शत्रुंजय गिरिराज के पाट (पट) के दर्शन करते हैं तथा तीर्थ से संबंधित पाठ के समक्ष विधिपूर्वक चैत्यवंदन करते हैं. इस प्रकार वे अपने स्थान पर रहकर भी शत्रुंजय गिरिराज की भावयात्रा और प्रभु भक्ति का लाभ लेते हैं. यह परंपरा एक सुंदर आध्यात्मिक संदेश देती है कि, श्रद्धा और भक्ति के लिए केवल भौतिक दूरी ही महत्त्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि मन की पवित्रता, समर्पण और धार्मिक भावना का भी विशेष स्थान है. उजमणी : धार्मिक आनंद और सामूहिक आराधना की परंपरा कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जैन परिवारों एवं संघों में उजमणी की परंपरा भी विशेष उत्साह के साथ निभाई जाती है. जिनालयों में दर्शन, पूजन, चैत्यवंदन, स्तवन, भक्ति और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है. परिवारजन एवं समाज के सदस्य एकत्रित होकर धर्म आराधना करते हैं. यह अवसर नई पीढ़ी को धार्मिक संस्कारों, तीर्थों के महत्त्व और अपनी परंपराओं से जोड़ने का भी माध्यम बनता है.
प्रकाश पर्व का संदेश केवल दीपों तक सीमित नहीं जैन दर्शन में अहिंसा, अनेकांतवाद, अपरिग्रह, संयम और आत्मकल्याण को विशेष महत्त्व दिया गया है. भगवान महावीर के उपदेशों में भी प्रत्येक जीव के प्रति करुणा, मैत्री और अहिंसा की भावना का संदेश मिलता है. इस पावन अवसर पर हमें अपने जीवन में भी कुछ सकारात्मक संकल्प अपनाने चाहिए. जरूरतमंदों की सहायता करना, बुजुर्गों का सम्मान करना, जीवों के प्रति दया रखना, पर्यावरण एवं प्रकृति की रक्षा करना तथा समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखना ही किसी भी धार्मिक पर्व की सार्थकता को और बढ़ाता है. कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दिवाली के इस पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को मंगलमय शुभकामनाएं. - चेतन हसमुखलाल शाह, पुणे मोबाइल क्र. - 84464 83141