सांगवी, 24 नवंबर (आ.प्र.) वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शरणकुमार लिंबाले के 100वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष पद पर चुने जाने से साहित्य जगत में पिंपरी-चिंचवड़ शहर का गौरव बढ़ा है. शहर के पुरानी सांगवी स्थित समर्थनगर के निवासी डॉ. लिंबाले के चयन पर विधायक शंकर जगताप ने उनके आवास पर जाकर उनका सम्मान किया और उन्हें बधाई दी. भूमिपुत्र होने के नाते उनके चयन की खुशी पूरे शहर के लिए गर्व की बात है. इस अवसर पर विधायक शंकर जगताप ने भावना व्यक्त करते हुए कहा कि, मराठी साहित्य जगत में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्वतंत्र पहचान बनाने वाले साहित्यकार का शतकमहोत्सवी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष पद पर सम्मानित होना, पिंपरीचिंचव ड की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान का सम्मान है. जगताप ने कहा कि ‘अक्करमाशी’ जैसी आत्मकथा और ‘सनातन’ जैसी साहित्यिक कृतियों के माध्यम से डॉ. लिंबाले ने उपेक्षित समाज की वास्तविकता, जातिभेद और सामाजिक विषमता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है. दलित साहित्य को व्यापक पहचान दिलाने में उनका योगदान अमूल्य है.