शहर में श्रद्धा, भक्ति भाव के साथ मनाया प्रकाश पर्व

कीर्तन दरबार, अखंड पाठ, नगर कीर्तन और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन

    25-Nov-2026
Total Views |

gh

पिंपरी, 24 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरुनानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर पिंपरी-चिंचवड़ शहर में भारी उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव का माहौल देखने को मिला. 22 से 24 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव में शहर के विभिन्न गुरुद्वारों और आश्रमों में विशेष कीर्तन दरबार, अखंड पाठ, नगर कीर्तन और गुरु के लंगर का आयोजन किया गया. इस पावन पर्व पर संगत ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर गुरु महाराज के चरणों में मत्था टेका और सेवा भाव का परिचय दिया. आकुर्डी मानसरोवर आश्रम में नगर कीर्तन और विशेष शबद कीर्तन श्री वाहेगुरु गुरुनानक मानसरोवर आश्रम, आकुर्डी में श्री 108 संत बाबा जोगिंदर सिंह जी (मोनी साहिब) ट्रस्ट एवं हजूर बाबा सरबजोत सिंह जी बेदी साहिब के सानिध्य में 557वां प्रकाश गुरपुरब बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 22 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ और हजूरी रागी जत्था भाई साहिल सिंह जी के कीर्तन से हुई. 23 नवंबर की रात को पालकी साहिब और दरबार की भव्य सजावट के बीच लखनऊ वाले भाई गगनदीप सिंह जी ने रात 11:30 बजे से 1 बजे तक विशेष कीर्तन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया, जिसके बाद गुरमत टकसाल के विद्यार्थियों ने भी कीर्तन किया. मुख्य गुरपुरब दिवस यानी 24 नवंबर को तड़के 2:30 से 4 बजे तक भव्य नगर कीर्तन निकाला गया. सुबह 8:30 बजे निशान साहिब की सेवा के पश्चात अखंड पाठ साहिब का भोग, आरती और स्थानीय संगत द्वारा सुखमनी साहिब का पाठ किया गया. रात के विशेष दीवान में दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई बलविंदर सिंह जी ने शबद कीर्तन कर संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया और रात 10:30 बजे अरदास के साथ महोत्सव संपन्न हुआ. आकुर्डी गुरुद्वारे में मुफ्त दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया. अपर तहसीलदार कार्यालय की ओर से संजय गांधी योजना का शिविर लगाया गया और इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का शिविर भी लगाया गया. इन शिविरों को सैकड़ों लोगों ने लाभ उठाया.

श्री गुरुनानक दरबार पिंपरी में भव्य दीवान और लंगर सेवा

श्री गुरुनानक दरबार, पिंपरी में 22 से 24 नवंबर तक प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय भव्य दीवान कार्यक्रम आयोजित किया गया. रविवार, 22 नवंबर को सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के साथ उत्सव की शुरुआत हुई. तीनों दिनों तक दोपहर और शाम के सत्रों में प्रसिद्ध कीर्तनी जत्थों ने अपनी मधुर वाणी से संगत को निहाल किया. इनमें श्री दरबार साहिब के भाई बलविंदर सिंह पंडोरी, यूके वाले भाई अमृतपाल सिंह और भाई अमरजीत सिंह खालसा प्रमुख रूप से शामिल रहे. मंगलवार, 24 नवंबर को सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का भोग और समाप्ति हुई, जिसके बाद महिला सत्संग पिंपरी और कीर्तनी जत्थों ने शबद कीर्तन प्रस्तुत किया. शाम के दीवान में ज्ञानी अतर सिंह जी ने रहिरास साहिब और कथा के माध्यम से गुरुनानक देव जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला तथा रात 11 बजे अरदास के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एस. सुरिंदर सिंह अदीवाल, सचिव एस. गुरविंदर सिंह गिल और कोषाध्यक्ष एस. गुरुचरण सिंह गिल के मार्गदर्शन में सभी दीवानों के दौरान अटूट गुरु का लंगर बरताया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.