व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष बने फतेचंद रांका

सचिव पद पर महेंद्र पितलिया : सूर्यकांत पाठक, सुरेखा सांडभोर, नितिन काकड़े उपाध्यक्ष

    26-Nov-2026
Total Views |
 
cfdfc

लक्ष्मी रोड, 25 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

पुणे की व्यापारी संस्थाओं की सर्वो च्च संस्था ‌‘पुणे व्यापारी महासंघ‌’ के अध्यक्ष पद पर फतेचंद रांका तथा सचिव पद पर महेंद्र पितलिया का निर्विरोध निर्वाचन किया गया है. वहीं उपाध्यक्ष पद पर सूर्यकांत पाठक और नितीन काकडे समेत श्रीमती सुरेखा सांडभोर (बोर्हाडे) को चुना गया है. उनके रूप में, संगठन को पहली बार महिला उपाध्यक्ष मिली है. ‌‘पुणे व्यापारी महासंघ‌’ (फेडरेशन ऑफ ट्रेड असोसिएशन ऑफ पुणे) पुणे शहर के विभिन्न प्रकार के 82 व्यापारिक संगठनों की शीर्ष संस्था है. इस संगठन का वार्षिक चुनाव (वर्ष 2026-29) हाल ही में घोषित किया गया था. इसमें 10 पदाधिकारी और 12 कार्यकारिणी सदस्य, ऐसे कुल 22 सदस्यों का चयन किया गया. वर्ष 2026-29 की वार्षिक अवधि के लिए सह-सचिव पद पर यशस्वी पटेल, राहुल हजारे और कुमार भोगशेट्टी, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर प्रमोद शाह तथा सह- कोषाध्यक्ष पद पर मोहन पटेल का चयन किया गया. नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में एड. अजिंक्य उडाणे, अजित सांगळे, जयंतिलाल जैन, जयंतिलाल ओसवाल, मनीष परदेशी, प्रमोद चव्हाण, प्रीतम शिंदे, रोहित यवतकर, उमेश झंवर, वैभव लोढ़ा, विजय शहा और वीरमीत मैनी शामिल हैं. स्वीकृत सदस्य के रूप में मिलिंद शालगर, विनोद अहिर, महेश खोपडे, नरेंद्र शहा, शंकर पटेल और रवि शर्मा का चयन किया गया है. बताया गया कि संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया अत्यंत सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. चुनाव निर्णय अधिकारी के रूप में एडवोकेट देविदास साली ने कार्यभार संभाला. इस अवसर पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित थे. उपाध्यक्ष श्रीमती सुरेखा सांडभोर ने आभार व्यक्त किया. इस चयन के बाद सचिव महेंद्र पितलिया ने कहा कि व्यापारियों को अपने व्यवसाय में निरंतर नए-नए विचारों और नवाचार को अपनाना चाहिए. नवाचारी विचार न केवल व्यवसाय का कारोबार बढ़ाते हैं, बल्कि ग्राहकों का वेिशास भी बढ़ाते हैं. उपाध्यक्ष सूर्यकांत पाठक ने कहा कि महासंघ व्यापारियों के न्यायपूर्ण अधिकारों के लिए हमेशा लड़ता रहेगा, लेकिन इसके लिए हम सभी का सदैव एकजुट रहना आवश्यक है.  
 
 पुणे को व्यापार का प्रमुख केंद्र बनाने का संकल्प

हम सभी व्यापारियों का एक साथ मिलकर व्यापार करना आज के समय की मांग है. आने वाले समय में व्यापार की वृद्धि में सहायता करने के लिए विभिन्न प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन करके पुणे शहर को व्यापार का एक प्रमुख केंद्र बनाने का हमारा संकल्प है. - फतेचंद रांका, अध्यक्ष, पुणे व्यापारी महासंघ