पुणे, 26 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) रक्षा उन्नत प्रौद्योगिकी संस्थान (डीआईएटी) का 15 वाँ दीक्षांत समारोह 29 नवंबर को आयोजित किया गया है. इस अवसर पर कुल 518 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएंगी. इनमें एम.टेक. के 401, एम.एससी. के 89, पीएच.डी. के 27 और एम.एस. (शोध द्वारा) का 1 विद्यार्थी शामिल है. यह जानकारी डीआईएटी के कुलगुरू डॉ.बी.एच.वी. एस.नारायण मूर्ति ने गुरूवार (26 नवंबर) को डीआईएटी में सुबह 11 बजे आयोजित पत्रकार वार्ता में दी. डीआईएटी के 15वें दीक्षांत समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. 29 नवंबर को सुबह 11 बजे डीआईएटी में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया है. कुलगुरू डॉ. बी.एच.वी.एस. नारायण मूर्ति ने कहा कि, डीआईएटी में नए शैक्षणिक कार्यक्रम को मान्यताएं मिली है. इन में, डीआरडीओ के नवनियुक्त वैज्ञानिकों के लिए रक्षा प्रौद्योगिकी में एम.टेक. की सुविधा है. यह कार्यक्रम रक्षा प्रौद्योगिकी एवं प्रबंधन स्कूल के अंतर्गत संचालित है. प्रौद्योगिकी प्रबंधन और रक्षा प्रौद्योगिकी को मिलाकर बनाए गए इस कार्यक्रम के तहत 9 विशेषज्ञताएं उपलब्ध हैं. इस वर्ष डीआरडीओ के 94 नवनियुक्त वैज्ञानिकों ने इसमें प्रवेश लिया है. औद्योगिक प्रणाली अभियांत्रिकी में एम.टेक. (रडार प्रणालियाँ एवं प्रौद्योगिकियां) में भी कर सकते है. इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी विभाग ने कार्यरत पेशेवरों के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में यह कार्यक्रम शुरू किया है. एआईसीटीई से अनुमोदित यह ढाई वर्षीय कार्यक्रम हाइब्रिड प्रारूप में संचालित होता है और इसकी प्रवेश क्षमता 24 है. कार्यरत पेशेवरों के लिए अन्य एम.टेक. कार्यक्रम और विशिष्ट एम.टेक. कार्यक्रम में, विशेष कर औद्योगिक प्रणाली अभियांत्रिकी में मॉडल-आधारित प्रणाली अभियांत्रिकी तथा हार्डवेयर सुरक्षा एवं कूटविज्ञान की विशेषज्ञताएं उपलब्ध हैं. इसके साथ चिप डिजाइन, क्वांटम कंप्यूटिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा रक्षा एवं अंतरिक्ष अनुप्रयोगों में नियमित एम.टेक. कार्यक्रम भी उपलब्ध हैं.यह भी जानकारी उन्होंने दी. डॉ.बी.एच.वी.एस.नारायण मूर्ति ने कहा कि, सामग्री अभियांत्रिकी और सेंसर प्रौद्योगिकी कार्यक्रमों को राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए ॲक्रीडेशन) से प्रत्यायन प्राप्त हुआ. भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय ने 2026 में संस्थान को कौशल्य विकास केंद्र के तहत मान्यता दी है. देशभर में केवल 19 संस्थानों को यह मान्यता मिली है. नई प्रायोजित अनुसंधान परियोजनाएं के बारे में उन्होंने कहा कि, उच्च-शक्ति अतितीव्र फाइबर लेजर प्रवर्धक प्रणाली के तहत डीआरडीओ ने उच्च-शक्ति वाले फेम्टोसेकंड लेजर स्रोत के विकास के लिए 14.418 करोड़ मंजूर किए है. यह स्रोत टेरावाट-श्रेणी के निर्देशित-ऊर्जा हथियारों, अंतरिक्ष-आधारित चकाचौंध (डैजलिंग) और अंतरिक्षरोधी अनुप्रयोगों के लिए अतितीव्र प्रारंभिक (सीड) लेजर के रूप में काम करेगा. इलेक्ट्रॉनिक युद्ध के लिए बहु-बैंड फोटोनिक रिसीवर प्रणाली के तहत अनुप्रयुक्त भौतिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स अभियांत्रिकी विभागों को यह परियोजना संयुक्त रूप से प्राप्त हुई है. इसका उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक प्रतिरोधी उपायों का मुकाबला करने के लिए एक उन्नत फोटोनिक रिसीवर विकसित करना है, जो 30 गीगाहर्ट्ज तक के किसी भी तरंगरूप वाले इलेक्ट्रॉनिक संकेतों को तत्काल संसाधित कर सकेंगे.हाल ही में उन्नत रडार एवं परीक्षण यह सुविधा सशस्त्र बलों, डीआरडीओ की प्रयोगशालाओं, रक्षा उद्योगों, स्टार्टअप और शैक्षणिक संस्थानों के लिए स्थापित की गई है.
शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने नया भवन बनेगा 146 भर्ती संगठनों से डीआईएटी के विद्यार्थियों को कुल 215 नोकरी के प्रस्ताव मिले. इनमें 122 ऑन-कैंपस और 93 ऑफ-कैंपस प्रस्ताव थे. भर्ती करने वालों में रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रम, डीआरडीओ की प्रयोगशालाएं तथा इंजीनियरिंग की प्रमुख शाखाओं, वैमानिकी एवं अंतरिक्ष, क्वांटम कंप्यूटिंग और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के संगठन शामिल है. संस्थान की शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने के लिए नया शैक्षणिक भवन बनाया जा रहा है. इसमें अत्याधुनिक कक्षाएं और पढ़ने-पढ़ाने के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकी से लैस सुविधाएं होंगी.