शिवाजीनगर, 26 नवंबर (आ.प्र.) एक पत्रकार को जनहित को सर्वोपरि रखना चाहिए. बेआवाज और वंचित लोगों के प्रति गहरी संवेदनशीलता रखनी चाहिए तथा सत्ताधारियों के प्रति स्वाभाविक संदेह का भाव बनाए रखना चाहिए. ये विचार स्वतंत्र पत्रकार, टीवी एंकर और निर्माता अनुराधा सेनगुप्ता ने 10वें दिलीप पाड़गांवकर स्मृति व्याख्यान को संबोधित करते हुए व्यक्त किए. इस व्याख्यान का संयुक्त आयोजन सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी और पुणे इंटरनेशनल सेंटर द्वारा सेनापति बापट रोड स्थित सिम्बायोसिस वेिशभवन सभागार में किया गया था. कार्यक्रम की अध्यक्षता सिम्बायोसिस के संस्थापक एवं अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) एस. बी. मुजुमदार ने की. इस अवसर पर सुश्री लतिका पाडगांवकर, सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की कुलाधिपति डॉ. विद्या येरवडेकर, कुलपति डॉ. आर. रमन, पुणे इंटरनेशनल सेंटर के महासचिव, कोषाध्यक्ष एवं न्यासी श्री प्रशांत गिरबने तथा एसआईयू के मीडिया एवं संचार संकाय की डीन डॉ. रुचि खेर जग्गी व गणमान्य अतिथि उपस्थित थे. पुणे इंटरनेशनल सेंटर के अध्यक्ष डॉ. रघुनाथ माशेलकर ने संदेश के माध्यम से अपने विचार साझा किए. एक सवाल पत्रकार कौन है..? के साथ, डिजिटल युग में पत्रकारिता की भूमिका की पड़तालफ विषय पर बोलते हुए सुश्री सेनगुप्ता ने कहा कि तकनीक ने इस पेशे के द्वार सभी के लिए खोल दिए हैं. उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन, सस्ते डेटा प्लान और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ने आज हममें से हर एक को खबरें प्रकाशित करने या लाइव प्रसारित करने में सक्षम बना दिया है, जिससे हर व्यक्ति एक संभावित पत्रकार बन गया है. यदि हमें देश के अंतिम व्यक्ति की जशरतों को आवाज देनी है, तो हमें आज की तुलना में कहीं अधिक पत्रकारों की आवश्यकता है. अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. एस. बी. मुजुमदार ने कहा कि युवा पीढ़ी को दिलीप पाड़गांवकर की विरासत और पत्रकारिता में उनके योगदान के बारे में अवश्य जानना चाहिए. प्रिंट-डिजिटल मीडिया दोनों महत्वपूर्ण प्रो. डॉ. एस. बी. मुजुमदार ने कहा कि आज स्मार्टफोन ही अखबार बन गया है, इसलिए प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया, दोनों ही क्षेत्रों की पत्रकारिता अत्यंत महत्वपूर्ण है. पहले के समय में देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत लोग अपने स्वयं के समाचार पत्र शुरू करते थे. इन समाचारपत्रों के माध्यम से वे समाज में जागरूकता फैलाते थे.