शिवाजीनगर, 27 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की ओर से आयोजित होने वाली पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआई) परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने आयु सीमा में एक बार विशेष अवसर देने की मांग की है. इस संबंध में विद्यार्थी प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पुणे मनपा के सभागृह नेता गणेश बिड़कर से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा. विद्यार्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में हुई देरी और कोविड-19 महामारी के दौरान उत्पन्न हुई कठिनाइयों के कारण वर्ष 2023 से 2026 के बीच आयु-सीमा पार कर चुके पात्र उम्मीदवारों को नुकसान नहीं होना चाहिए. इसलिए पीएसआई भर्ती प्रक्रिया में आयु सीमा के मामले में एक बार विशेष छूट दी जाए. राज्य के हजारों विद्यार्थियों ने पुलिस उपनिरीक्षक बनने का सपना लेकर कई वर्षों तक कड़ी मेहनत की है. लेकिन भर्ती प्रक्रिया में देरी और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण उन्हें अवसर से वंचित रहना पड़ सकता है. विद्यार्थियों ने सरकार से उनकी मेहनत और भविष्य को ध्यान में रखते हुए न्याय देने की मांग की है. विद्यार्थियों की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए गणेश बिड़कर ने ओशासन दिया कि वे इस विषय पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और संबंधित विभाग के समक्ष उचित तरीके से मामला उठाएंगे. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे. साथ ही, विद्यार्थियों के भविष्य और उनकी वर्षों की मेहनत को ध्यान में रखते हुए सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय ले, ऐसी अपेक्षा भी बिड़कर ने व्यक्त की.