सुखी, सुशिक्षित व सम्मानित महिलाएं, उन्नत देश का प्रतीक : अमृता फडणवीस

    03-Nov-2026
Total Views |
 
vd
गुरुवार पेठ, 2 नवंबर (आ.प्र.)

 हमारे आस-पास केवल इमारतें और अन्य बुनियादी सुविधाएं होना ही प्रगति नहीं है. समाज में एक सुखी, सुशिक्षित और सम्मानित महिला का होना ही इस बात का प्रतीक है कि वह देश वास्तव में एक उन्नत देश है. जब हम सभी को साथ लेकर चलते हैं, तब हमारी और देश की प्रगति होती है, यह विचार सामाजिक कार्यकर्ता अमृता देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किए. वह ‌‘आपुलकीची भाऊबीज‌’ और शौर्य पुरस्कार-2026 के वितरण समारोह में बोल रही थीं. मंडल की ओर से यह उपक्रम पिछले 15 वर्षों से शुरू है, जिसमें दिवाली किट के माध्यम से 27 प्रकार की सामग्री और साड़ी ‌‘भाऊबीज‌’ के रूप में दी जाती है. पूर्वी क्षेत्र की दो सौ से अधिक महिलाओं को भाईदूज के रूप में दिवाली का साहित्य किट प्रदान किया गया. कार्यक्रम में हुतात्मा जवान घनश्याम आढालगे के परिजनों - पिता रायबा और माता सुनंदा आढालगे ने शौर्य पुरस्कार स्वीकार किया. गुरुवार पेठ स्थित ‌‘प्रभात जन प्रतिष्ठान‌’ और ‌‘प्रभात मित्र मंडल‌’ की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन महात्मा फुले पेठ स्थित ‌‘ज्ञानज्योति सावित्रीबाई फुले सभागृह‌’ में किया गया था. इस अवसर पर भागवताचार्य ह.भ.प. प्रियंका भोसले, उद्यमी कृष्णकुमार गोयल, प्रतिष्ठान के अध्यक्ष किशोर चव्हाण, स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीनाथ भिमाले, नगरसेवक ऐेशर्या थोरात, स्नेहा मालवदे, सम्राट थोरात, ‌‘पेशवाई क्रिएशन‌’ के राहुल येमूल, सचिव उदय वाड़ेकर, उत्सव प्रमुख नितिन घोगरे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे. प्रियंका भोसले, कृष्णकुमार गोयल और किशोर चव्हाण ने भी अपने विचार व्यक्त किए. रवींद्र भंसाली ने मंच संचालन किया.