बावधन, 2 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) चेलाराम फाउंडेशन की ओर से पुणे के बावधन में ‘चे चेलाराम वुमेंस हेल्थ सेंटर’ का उद्घाटन लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. माधुरी कानिटकर (सेवानिवृत्त) एवं पूर्व कुलपति, महाराष्ट्र स्वास्थ्य विज्ञान वेिशविद्यालय के हाथों संपन्न हुआ. महिलाओं के जीवन के हर चरण में उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सर्वांगीण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस केंद्र की शुरुआत की गई है. चेलाराम हॉस्पिटल डायबिटीज केयर एंड मल्टीस्पेशलिटी के पास स्थित इस केंद्र में किशोरियों के स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य, रजोनिवृत्ति (मेनोपॉज) के समय स्वास्थ्य प्रबंधन, आहार और पोषण संबंधी मार्गदर्शन, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम और प्रबंधन, कैंसर जांच, हड्डियों के स्वास्थ्य की जांच तथा वयस्कों के लिए टीकाकरण जैसी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध हैं. सम्माननीय अतिथि के रूप में कर्नल प्रा. (डॉ.) हेमलता के. बागला (कुलपति, एचएसएनसी वेिशविद्यालय और एसएनडीटी महिला वेिशविद्यालय), वरिष्ठ समाजसेविका लीला पूनावाला, संस्था के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विंग कमांडर (डॉ.) हर्षल मोरे (सेवानिवृत्त), चेलाराम हॉस्पिटल डायबिटीज केयर एंड मल्टीस्पेशलिटी की चिकित्सा सेवा प्रमुख डॉ. वेदवती पुरंदरे, चेलाराम वुमेंस हेल्थ सेंटर की प्रमुख और महिला स्वास्थ्य सलाहकार डॉ. मंजूषा घुमरे सहित कई गणमान्य उपस्थित थे. इस अवसर पर डॉ. माधुरी कानिटकर ने कहा कि यह केंद्र बीमारी होने के बाद केवल उपचार तक सीमित न रहकर, निवारक (प्रिवेंटिव) और एकीकृत स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से एक स्वस्थ जीवन को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. चेलाराम फाउंडेशन के अध्यक्ष लाल चेलाराम और शोभा चेलाराम ने वीडियो संदेश के माध्यम से मार्गदर्शन किया.