पुणे, 3 नवंबर (आ.प्र.) मान-हिंजवड़ी से शिवाजीनगर पुणे मेट्रो के नए तीसरे मार्ग का उद्घाटन और पुणे मेट्रो फेज-2 का भूमिपूजन कार्यक्रम होने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के साथ शिव छत्रपति क्रीड़ा संकुल, बालेवाड़ी से हिंजवड़ी फेज-2 तक मेट्रो से यात्रा की. इस नए मार्ग का पहला टिकट फडणवीस ने खुद लेकर मेट्रो यात्रा का अनुभव लिया. इस दौरान महामेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रवण हर्डीकर ने मुख्यमंत्री को मेट्रो मार्ग, स्टेशनों और परियोजना की विभिन्न विशेषताओं की जानकारी दी. इस यात्रा में केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, पुणे की महापौर मंजूषा नागपुरे, पिंपरी-चिंचवड़ के महापौर रवि लांडगे, पीएमआरडीए के आयुक्त अभिजीत चौधरी सहित जन प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. इस यात्रा का विशेष आकर्षण यह था कि पिंक मेट्रो का संचालन महिला ट्रेन पायलट के पास था. लीड ट्रेन पायलट प्रगति बिरादार ने मेट्रो का संचालन किया, जबकि ट्रेन पायलट ऐश्वर्या सूर्यपुजारी ने भी इस यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. महिला कर्मचारियों की सक्षम भागीदारी से आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में महिलाओं के योगदान का दर्शन इस अवसर पर देखने को मिला. यात्रा के दौरान फडणवीस ने स्कूली छात्राओं, आईटी पेशेवरों (आईटीयंस) से बातचीत की. मेट्रो यात्रा का अनुभव, उपलब्ध सुविधाओं और नए मार्ग के कारण दैनिक यात्रा में होने वाले लाभों के बारे में उन्होंने जानकारी ली. मुख्यमंत्री और गणमान्य व्यक्तियों ने हिंजवड़ी फेज-2 मेट्रो स्टेशन तक लगभग छह किलोमीटर की यात्रा की. महिला ट्रेन पायलट के नेतृत्व में हुई यह यात्रा और छात्राओं सहित विभिन्न क्षेत्रों के नागरिकों के साथ मुख्यमंत्री द्वारा किए गए संवाद से यह यात्रा विशेष साबित हुई.
हिंजवड़ी परिसर में मेट्रो आने से होटल इंडस्ट्री को फायदा होगा
यह मेट्रो सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि पुणे के लाखों आईटी प्रोफेशनल्स के लिए रोज की जंग से मुक्ति है. राजीव गांधी इन्फोटेक पार्क में रोज 2 से 3 घंटे ट्रैफिक में फंसने वाले कर्मचारियों को अब जाम से छुटकारा मिलेगा. हिंजवड़ी में मेट्रो आने से होटल इंडस्ट्री को काफी फायदा होगा. कॉर्पो रेट गेस्ट में बढ़ोतरी होगी और पार्टी-बैंक्वेट हॉल की बुकिंग आसान होगी. पहले लोग ट्रैफिक की वजह से हिंजवड़ी में बुकिंग टाल देते थे. अब शिवाजीनगर, डेक्कन, औंध से मेहमान सीधे मेट्रो से आ-जा सकेंगे, जिससे वेडिंग, बर्थडे पार्टी और कॉर्पोरेट इवेंट्स की बुकिंग में बढ़ोतरी होगी. ग्राहकों का सफर अब और भी आरामदायक होगा. अब ग्राहकों को महंगे कैब या ऑटो की जरूरत नहीं पड़ेगी. मात्र 12 से 60 रुपये में एसी मेट्रो से सीधे होटल के दरवाजे पर पहुंचा जा सकेगा. मेट्रो के साथ हमारे बिजनेस की तरक्की भी पटरी पर भी दौड़ेगी. हम होटल सॉलिटेयर परिवार की ओर से प्रशासन का आभार व्यक्त करते हैं. - राजीव अग्रवाल, होटल सॉलिटेयर, हिंजवड़ी