हर दिन सत्यनिष्ठा से समृद्धि की ओर बढ़ते कदम

ईएसआईसी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन

    04-Nov-2026
Total Views |
 
fderdf
बिबवेवाडी, 3 नवंबर (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क)

बिबवेवाडी स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में निगम मुख्यालय एवं केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशों के अनुपालन में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया गया. इस वर्ष सप्ताह की विषयवस्तु सत्यनिष्ठा से समृद्धि निर्धारित की गई थी. सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ 26 अक्टूबर को सत्यनिष्ठा की शपथ के साथ हुआ. सप्ताह भर ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इन गतिविधियों के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत आचरण में सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया. इस अवसर पर 2 नवंबर को सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईएसआईसी के उप क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त निदेशक (प्रभारी) सुकांत चंद्र दास उपस्थित थे. जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अस्पताल के अधिष्ठाता प्रदीप गायकवाड़ ने की. इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विभूति अंबावडे, सहायक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीना, संयुक्त निदेशक सचिन ताजवे, उप निदेशक अनंत कुमार वर्मा तथा सहायक निदेशक राकेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में सतर्कता शाखा के शाखा अधिकारी, उप निदेशक अनंत कुमार वर्मा ने विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी. समारोह के दौरान सप्ताह भर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों के विजेताओं को मुख्य अतिथि एवं अधिष्ठाता द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि सुकांत चंद्र दास ने अपने संबोधन में इतिहास, धर्म एवं वर्तमान सामाजिक परिप्रेक्ष्य के विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा के महत्व को रेखांकित किया. उन्होंने नैतिक मूल्यों को जीवन एवं कार्यव्यवहार में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया. अधिष्ठाता प्रदीप गायकवाड़ ने अपने संबोधन में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों को संस्थागत कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाने पर जोर दिया. इस अवसर पर सहायक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीना एवं सहायक निदेशक राकेश कुमार सिंह ने भी विचार व्यक्त किए. कार्यक्रम का संचालन अंजलि झावर, वैयक्तिक सहायक द्वारा किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी रीति द्विवेदी ने प्रस्तुत किया.