पुणे, 12 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पं. दीनदयाल उपाध्याय हिंदी वेिशविद्यालय, मथुरा द्वारा आयोजित एक भव्य राष्ट्रीय समारोह में महाराष्ट्र में बिहार की मूल निवासी तथा वर्तमान में पुणे में निवासरत डॉ. संगीता पांडेय को विद्या वाचस्पति (समतुल्य पीएच. डी.) की उपाधि से सम्मानित किया गया. यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें अध्यापन और शोध क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया. राष्ट्रीय हिंदी संगोष्ठी के अंतर्गत नई दिल्ली में आयोजित इस समारोह में देशभर के 60 विद्वानों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति पद्मश्री डॉ. अरविंद कुमार, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. इंदु भूषण मिश्रा, छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव तथा रेलवे बोर्ड (जेडआरयूसीसी) के सदस्य डॉ. शिवाजी रामभाऊ शिंदे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. डॉ. संगीता पांडेय को पदक, प्रशस्ति पत्र और शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया. वे अध्यापन के साथ-साथ शोध कार्य में भी सक्रिय हैं और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रही हैं. बिहार के मोतिहारी जिले की निवासी डॉ. पांडेय प्रसिद्ध अधिवक्ता एवं उद्योगपति स्वर्गीय विजय कुमार मिश्रा की पुत्री ह्ैं. कम आयु में ही उन्होंने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से गरीब और मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा, शैक्षणिक सामग्री, वस्त्र, भोजन और आवास की सुविधा उपलब्ध कराई. वर्तमान में भी वे अनेक जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर रही ह्ैं. उनकी इस उपलब्धि से पुणे और बिहार दोनों स्थानों पर हर्ष और गर्व का माहौल है.