पुणे, 13 फरवरी (आ. प्र.) आयुष संचालनालय के सहयोग से ट्रिनिटी ग्रुप तथा चेंबर फॉर इम्पोर्ट, एक्सपोर्ट एंड हेल्थ के संयुक्त तत्वावधान में 18 से 20 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय आयुष-विकसित भारत महावर्ल्ड एक्सपो आयोजित की जाएगी. कर्वेनगर स्थित महालक्ष्मी लॉन्स में होने वाला यह एक्सपो नागरिकों के लिए प्रतिदिन सुबह 11 से शाम 7 बजे तक नि:शुल्क खुली रहेगी, यह जानकारी आयोजक व ट्रिनिटी ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. जोसेफ डायस और आयुष संचालनालय की सहसंचालक डॉ. अनिता कोल्हे ने शुक्रवार(13 फरवरी) को पत्रकार भवन में दोपहर 2 बजे आयोजित पत्रकार वार्ता मेें दी. इस अवसर पर अष्टांग आयुर्वे द महाविद्यालय की प्राचार्य हेमलता जलगांवकर, पुणे जिला शिक्षण मंडल कॉलेज ऑफ आयुर्वेद एंड रिसर्च सेंटर की संचालिका डॉ. मीनल लाड, भारती विद्यापीठ आयुर्वेद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शैलेश देशपांडे, तिलक आयुर्वेद महाविद्यालय की समन्वयक डॉ. अपूर्वा संगोराम, जेडवीएम यूनानी कॉलेज की विभाग प्रमुख डॉ. फराह शिकलगार, डॉ. डी. वाई. पाटील कॉलेज ऑफ आयुर्वेद अस्पताल की डॉ. स्नेहल पानसरे सहित शहर के विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य उपस्थित थे. डॉ. डायस ने बताया कि एक्सपो में आयुष, खाद्य, ऊर्जा, ऑर्गेनिक उत्पाद, पर्यटन आदि क्षेत्रों का समावेश रहेगा और विभिन्न राज्यों के प्रदर्शक, सरकारी संस्थान तथा निजी उद्योग इसमें भाग लेंगे. यह पहल जनजागरूकता और व्यावसायिक अवसरों का संगम साबित होगी. विकसित भारत की अवधारणा के अनुरूप स्वदेशी उपचार पद्धतियों, टिकाऊ जीवनशैली और व्यापार संभावनाओं का प्रसार इसका मुख्य उद्देश्य है. प्रदर्शनी में उत्पाद प्रदर्शन, लाइव डेमो, विशेष छूट बिक्री तथा उद्योग, वितरक और स्वास्थ्य क्षेत्र के पेशेवरों के लिए नेटवर्किंग के अवसर उपलब्ध होंगे. आयुष क्षेत्र के प्रसार में योगदान देने वाले संस्थानों के प्रतिनिधियों को वैल्यूएबल कॉन्ट्रिब्यूशन्स अवॉर्ड से सम्मानित भी किया जाएगा. डॉ. अनिता कोल्हे ने बताया कि प्रदर्शनी में शहर के विभिन्न कॉलेज और अस्पताल भाग लेंगे, जहां ओपीडी, चिकित्सा परामर्श, जांच तथा 16 से अधिक स्वास्थ्य विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे. इनमें मधुमेह, थायरॉइड, कैंसर, रीढ़ रोग, त्वचा रोग, मोटापा, तनाव, हृदय रोग, ईएनटी विकार, महिला व बाल स्वास्थ्य, ऑटोइम्यून रोग तथा योग व पंचकर्म उपचार जैसे विषय शामिल हैं. इस एक्सपो में हर दिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ओपीडी खुली रहेगी. एक्सपो में मरीजों को मुफ्त में उपचार और दवाइयां दी जाएंगी. तकरीबन 19 से 20 बीमारियों के ऊपर उपचार किए जाएंगे. मेडिकल प्लांटेशन ( औषधीय वनस्पति) की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी. जानकार वक्ताओं के व्याख्यानों का भी आयोजन किया गया है. तिलक आयुर्वेद महाविद्यालय, अष्टांग आयुर्वेद महाविद्यालय, भारती विद्यापीठ आयुर्वेद महाविद्यालय, डॉ. डी. वाई. पाटील आयुर्वेद अनुसंधान केंद्र, पुणे जिला शिक्षण मंडल कॉलेज ऑफ आयुर्वेद एंड रिसर्च सेंटर, धोंडूमामा साठे होमियोपैथिक महाविद्यालय, भारतीय संस्कृति दर्शन संस्था आयुर्वेद महाविद्यालय वाघोली तथा जेडवीएम यूनानी कॉलेज सहित आयुर्वे द, यूनानी और होमियोपैथी संस्थानों की भागीदारी रहेगी.