नासिक, 15 फरवरी (आ. प्र.) नासिक के प्रख्यात आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा प्रचारक, रेकी प्रशिक्षक तथा लाइफ मैनेजमेंट कोच डॉ. हर्षल अजितकुमार संचेती को चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिष्ठित संस्था आयुष इंटरनेशनल मेडिकल एसोसिएशन द्वारा उत्तर महाराष्ट्र प्रमुख के पद पर नियुक्त किया गया है. इस अवसर पर आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए उनका विशेष सम्मान भी किया गया. आयुष इंटरनेशनल मेडिकल एसोसिएशन संपूर्ण भारत सहित विदेशों में भी आयुष पद्धतियों के प्रचार-प्रसार हेतु कार्यरत है. हाल ही में 1 फरवरी को छत्रपति संभाजीनगर में संस्था का महाराष्ट्र राज्य महाअधिवेशन संपन्न हुआ था. इस अधिवेशन में महाराष्ट्र के आयुर्वेद, होम्योपैथी, योग, नेचरोपैथी, यूनानी तथा एक्यूपंक्चर क्षेत्र के अनेक चिकित्सक उपस्थित थे. अधिवेशन में आयुष चिकित्सा के प्रसार, संगठन विस्तार एवं विकास पर व्यापक चर्चा हुई तथा कई चिकित्सकों को महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां प्रदान की गईं. हर्षल संचेती पिछले 17 वर्षों से अल्टरनेटिव मेडिसिन, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, न्यूट्रास्यूटिकल्स, लाइफ कोचिंग एवं रेकी प्रशिक्षण के माध्यम से रोगियों की सेवा कर रहे हैं. उनके अनेक शोध-पत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हो चुके हैं. प्रेरणादायी वक्ता एवं मनोविज्ञान के अध्ययनकर्ता होने के कारण वे विभिन्न कॉर्पोरेट कंपनियों में एम्प्लॉयी एंगेजमेंट, वर्क-लाइफ बैलेंस, मार्केटिंग इनोवेशन तथा व्यवसाय वृद्धि विषयों पर मार्गदर्शन भी प्रदान करते हैं. इस कार्यक्रम में संस्था के वाइस चेयरमैन डॉ. नितिनराजे पाटिल, चेयरमैन डॉ. सतीश कराले, अध्यक्ष डॉ. बाबूराव कानडे, डॉ. अभिजीत कवठकर, डॉ. संतोष वैद्य सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे.