पुणे बाजार सिमित में बुनियादी सुविधाओं का अभाव

गुलटेकड़ी मार्केटयार्ड के गुड़-भुसार विभाग में 25 फरवरी को व्यापारियों का सांकेतिक बंद

    19-Feb-2026
Total Views |

bngn  

गुलटेकड़ी, 18 फरवरी (आ.प्र.)

 पुणे बाजार समिति के गुलटेकड़ी मार्केट यार्ड स्थित गुड़-भूसार विभाग के व्यापारियों की लंबित मांगों, बढ़ती चोरी की घटनाओं, यातायात जाम और अस्वच्छता की समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए दि पूना मर्चेंट्स चेंबर ने बुधवार (25 फरवरी) को एक दिन का ‌‘सांकेतिक बंद' घोषित किया है. उस दिन गुड़-भूसार विभाग में सभी व्यावसायिक गतिविधियां बंद रखकर विरोध दर्ज कराया जाएगा. मार्केट यार्ड के गुड़-भूसार विभाग के व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर पहले भी प्रशासन से प्रत्यक्ष मुलाकात कर और लिखित रूप में कई बार अवगत कराया था. व्यापारियों की दुकानों से कृषि उपज की चोरी, अव्यवस्थित और बाधित यातायात तथा परिसर में फैली गंदगी के कारण उन्हें रोजाना व्यापार में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. व्यापारियों का आरोप है कि समस्याओं के समाधान की उम्मीद के बावजूद स्थिति दिन-ब-दिन और गंभीर होती जा रही है. दि पूना मर्चेंट्स चेंबर की 12 फरवरी को आयोजित कार्यकारिणी बैठक में सांकेतिक बंद का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया. यह जानकारी चेंबर के अध्यक्ष राजेंद्र बाठिया ने दी. उन्होंने बताया कि सुरक्षा ठेकेदार के माध्यम से नुकसान की भरपाई करने के संबंध में पूर्व में लिया गया निर्णय अभी तक लागू नहीं किया गया है. यातायात जाम और अस्वच्छता के कारण व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है, इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की. प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाकर समस्याओं का समाधान करने की मांग की गई है. अन्यथा सांकेतिक बंद के बाद और उग्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दि पूना मर्चेंट्स चेंबर ने दी है, जिससे मार्केटयार्ड का माहौल गर्माने की संभावना है.
 
कई बार प्रयास करने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं

 मार्केटयार्ड के गुड़-भुसार विभाग में चोरी की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है. दुकानों में बार-बार चोरी होने से व्यापारियों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. इस संबंध में कई बार प्रयास करने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. सदस्यों को लगातार नुकसान हो रहा है और समिति की अनदेखी के कारण हमें बंद का निर्णय लेना पड़ा. - राजेंद्र बाठिया, अध्यक्ष, दि पूना मर्चेंट्स चेंबर, मार्केट यार्ड