सूस, 18 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) घर के मालिक और निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के बच्चे एक साथ खेलों, प्रतियोगिताओं और मनोरंजन का आनंद ले रहे थे, व्यावसायिक रिश्तों से परे सामाजिक आत्मीयता का यह सुखद और प्रेरक नजारा हाल ही में पुणे ने अनुभव किया. अवसर था विलास जावडेकर (तग) डेवलपर्स द्वारा आयोजित वीजे परिवार कार्निवल का. व्यावसायिक दूरियों को किनारे रखकर सामाजिक प्रतिबद्धता को सेलिब्रेट करने के लिए सूस स्थित ‘सनीज वर्ल्ड' में दो दिवसीय ‘वीजे परिवार कार्निवल' संपन्न हुआ. इस आयोजन में लगभग 10,000 सदस्यों ने हिस्सा लिया और समाज के सामने एक अनूठा आदर्श पेश किया. शनिवार और रविवार (14 और 15 फरवरी) को आयोजित इस कार्यक्रम में पहले दिन 5,534 और दूसरे दिन लगभग 4,252 नागरिक उपस्थित थे. रियल एस्टेट क्षेत्र में पहली बार किसी डेवलपर ने घर बेचने के उद्देश्य के बिना, केवल मेल-मिलाप के लिए इतने बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया था.इस कार्निवल में ग्राहकों के साथ लेबर टीम ने भी भरपूर आनंद लिया. विशेष रूप से, व्हीजे कंस्ट्रक्शन लेबर टीम और वीजे सोसायटी के निवासियों के बीच एक क्रिकेट मैच भी खेला गया.
कई खेलों का आनंद लिया कार्निवल में लाइव परफॉरमेंस, फ्ली मार्केट और फूड़ स्टॉल्स के साथ-साथ कई कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जैसे,मिट्टी के बर्तन बनाना, मॉकटेल मेकिंग, मेकअप,सालसा डांस, कॉफी मेकिंग,पेंटिंग और पपेट शो यहां थे. साथ ही राइफल शूटिंग, रेन डांस, तीरंदाजी, डार्ट गेम्स, क्रेजी रोलर, वोर्टेक्स टनल और बुल राइड का भी लोगों ने मजा लिया. गौरतलब है कि, इस आयोजन में केवल पुणे ही नहीं, बल्कि मुंबई, नागपुर, बेंगलुरु और हैदराबाद के निवासियों ने भी हिस्सा लिया.
श्रमिकों को उचित सम्मान मिले निर्माण क्षेत्र में हम समाज के विभिन्न स्तरों के लोगों के संपर्क में आते हैं. ग्राहकों का महत्व तो सभी जानते हैं, लेकिन अक्सर लोग मजदूरों के योगदान को भूल जाते हैं. हम हमेशा यह प्रयास करते हैं कि हमारे श्रमिकों को उचित सम्मान और बेहतर व्यवहार मिले. उन्हें सपरिवार इस कार्निवल में शामिल करना इसी सोच का एक हिस्सा था. - धनश्री शिंदे, उपाध्यक्ष, वीजे परिवार