खड़की, 19 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) खड़की स्थित गोला बारूद निर्माणी को, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा आयोजित, राजभाषा संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह में अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए सर्वश्रेष्ठ कार्यान्वयन सहित विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया. सर्वश्रेष्ठ कार्यान्वयन के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इसके साथ ही, कार्यालय की गृह पत्रिका ‘रत्नावली' को ‘उत्कृष्ट पत्रिका' की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ. व्यक्तिगत उपलब्धियों में भी गोला बारूद निर्माणी खडकी का दबदबा रहा. अंतरकार्यालयीन प्रतियोगिताओं की कुल 7 श्रेणियों में से 6 में गोला बारूद निर्माणी खडकी के कार्मिकों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया. ये सभी सम्मान राष्ट्रीय रासायनिक प्रयोगशाला के निदेशक एवं नराकास अध्यक्ष डॉ. आशीष लेले के करकमलों द्वारा प्रदान किए गए. इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी को बधाई देते हुए कहा, यह उपलब्धि हमारे कार्यालय में राजभाषा के प्रति निरंतर बढती निष्ठा एवं सामूहिक प्रयास का परिणाम है. हम भविष्य में भी हिंदी के प्रचार-प्रसार और प्रभावी कार्यान्वयन के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे. उन्होंने सभी विजेताओं को उनके उज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. यह जानकारी वरिष्ठ प्रबंधक विनय मिश्रा ने दी.