मुंबई, 19 फरवरी (वि.प्र.) मध्य और पश्चिम रेलवे की आरपीएफ टीम ने एक संयुक्त अभियान चलाकर ट्रेनों और रेलवे परिसरों में अवैध रूप से प्रचार सामग्री चिपकाने वाले एक फर्जी बंगाली बाबा को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई 17 फरवरी, 2026 को रे रोड स्थित दारुखाना क्षेत्र में की गई. मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर मीरा अली दरगाह के पास छापेमारी की गई, जहाँ से मोहम्मद नजीर अंदाड़ी नामक आरोपी को दबोचा गया. पुलिस ने उसके पास से विज्ञापन के लिए इस्तेमाल होने वाले करीब 15,000 मुद्रित पोस्टर बरामद किए हैं. आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिना किसी अनुमति के रेलवे डिब्बों और स्टेशनों पर ये पोस्टर चिपकाता था. वडाला आरपीएफ में आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 144, 145(बी), 147 और 166 के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच में इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य संदिग्धों और प्रिंटिंग एजेंसियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण किया जा रहा है. मध्य रेल ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति को विरूपित करना दंडनीय अपराध है. अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे अनाधिकृत विज्ञापन से बचें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें. वैध विज्ञापन के लिए वाणिज्य विभाग से संपर्क किया जा सकता है.