पुणे, 19 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) शिवजयंती के अवसर पर मेरा युवा भारत की भव्य पदयात्रा का शुभारंभ महापौर मंजुषा नागपुरे के हाथों झंडी दिखाकर शनिवार वाड़ा से गुरुवार को किया गया.केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्दे शानुसार जिला प्रशासन, खेल विभाग और पुणे मनपा के समन्वय से यह पदयात्रा आयोजित की गई. इस अवसर पर उपमहापौर परशुराम वाडेकर, खेल उपसंचालक युवराज नाईक, जिला खेल अधिकारी जगन्नाथ लकडे, शिक्षा उपायुक्त वसुंधरा बर्वे, मनपा उपायुक्त संदीप खलाटे, तहसीलदार स्मिता माने, अर्जुन पुरस्कार प्राप्त काका पवार तथा भारतीय खो-खो संघ के कप्तान प्रतीक वायकर उपस्थित थे. पदयात्रा की शुरुआत शनिवार वाड़ा से होकर एसएसपीएम स्कूल के समीप स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा तक की गई, जहां इसका समापन हुआ. ढोल-ताशों की गूंज और जय भवानी, जय शिवाजी, हर हर महादेव, छत्रपति शिवाजी महाराज की जय जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. इस पदयात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में राष्ट्रीय छात्र सेना, राष्ट्रीय सेवा योजना, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा तथा सावित्रीबाई फुले वेिशविद्यालय के लगभग दो हजार छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. महापौर मंजूषा नागपुरे ने कहा कि हमें छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों को अपनाना चाहिए. शिवजयंती केवल औपचारिक शोभायात्रा न रहकर युवा पीढ़ी को महाराज के विचारों से जोड़ने वाली और समाज में सामूहिक भावना निर्माण करने वाली होनी चाहिए. हमारे पर्व और परंपराएं सभी को मिलकर मनानी चाहिए. सभी में सामूहिक भावना विकसित हो और शिवराय के विचार आचरण में आएं, ऐसा संकल्प इस अवसर पर करना चाहिए. कार्यक्रम की प्रस्तावना जगन्नाथ लकड़े ने प्रस्तुत की.