जीएम प्रतीक गोस्वामी ने वाडी-सोलापुर सेक्शन का निरीक्षण किया

    21-Feb-2026
Total Views |

bgbg

सोलापुर, 20 फरवरी (वि.प्र.)

 मध्य रेल के महाप्रबंधक प्रतीक गोस्वामी ने बुधवार, 18 फरवरी को सोलापुर मंडल के वाडी-सोलापुर खंड का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, रेल परिचालन की संरक्षा और चल रहे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की. निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल मंत्री के संरक्षा, रखरखाव, गुणवत्ता और प्रशिक्षण के विजन को धरातल पर उतारना था. निरीक्षण की शुरुआत वाडी स्टेशन से हुई, जहां महाप्रबंधक ने नवीनीकृत महिला प्रतीक्षा कक्ष, नए पॉली क्लिनिक और कंप्यूटरीकृत रेडियोग्राफी प्रणाली का उद्घाटन किया. उन्होंने ए-क्लास दुर्घटना राहत ट्रेन और 140 टन क्रेन की परिचालन स्थिति जांची. कलबुरगि में गोस्वामी ने सिग्नल डिपो, गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला और अल्ट्रासोनिक दोष पहचान प्रणाली के प्रदर्शन का अवलोकन किया. महाप्रबंधक ने कलबुरगि-बबलाद खंड पर इंजीनियरिंग इंटरलॉक गेट और दुधानी-बोरोटी खंड के मध्य बोरी पुल (पुल संख्या 511/2) का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने बोरोटी-नागनसुर खंड पर ओएचई मापदंडों और ट्रैक कर्व की सटीकता की समीक्षा की. अक्कलकोट रोड पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और रेलवे कॉलोनी की सुविधाओं का जायजा लिया गया.  
 
स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं में सुधार किया जाएगा
निरीक्षण का समापन सोलापुर में हुआ, जहाँ उन्होंने नवनिर्मित खेल परिसर और स्केटिंग रिंक का उद्घाटन किया. रेलवे अस्पताल के उन्नत नेत्र रोग विभाग में नई अत्याधुनिक मशीनों और इलेक्ट्रो-हाइड्रोलिक ऑपरेशन टेबल का भी निरीक्षण किया गया. गोस्वामी ने कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें संरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने और यात्री-केंद्रित सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.