पोद्दार एजुकेशन व शस्त्र बलों में समझौता
सैन्यकर्मियों के बच्चों को छात्रवृत्ति शुरू करने व्यापक कार्यक्रम
23-Feb-2026
Total Views |
पुणे, 22 फरवरी (आज का आनंद न्यूज नेटवर्क) पोद्दार एजुकेशन नेटवर्क और भारतीय सशस्त्र बलों ने देशभर के सभी पोद्दार इंटरनेशनल स्कूलों में भारतीय सशस्त्र बलों के कर्मियों के बच्चों के लिए एक व्यापक छात्रवृत्ति कार्यक्रम स्थापित करने हेतु एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर कर एक ऐतिहासिक साझेदारी की है. यह छात्रवृत्ति पहल निम्नलिखित वर्गों को शैक्षिक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार की गई है. कर्तव्य की राह में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों के बच्चे, भारतीय सशस्त्र बलों के सेवारत कर्मियों के बच्चे और सेवानिवृत्त सशस्त्र बलों के कर्मियों के बच्चे को सहायता दी जाएगी. यह कार्यक्रम भारतभर में फैले पोद्दार इंटरनेशनल स्कूलों के संपूर्ण नेटवर्क में लागू किया जाएगा, जिससे पात्र लाभार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यापक पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी. समझौता ज्ञापन पर डॉ. पवन पोद्दार, अध्यक्ष, पोद्दार एजुकेशन नेटवर्क तथा ब्रिगेडियर टी. एम. सिन्हा, ब्रिगेडियर कल्याण, एडजुटेंट जनरल शाखा, एकीकृत मुख्यालय, रक्षा मंत्रालय ने हस्ताक्षर किए.पोद्दार एजुकेशन नेटवर्क के अध्यक्ष डॉ. पवन पोद्दार ने कहा कि यह पहल सशस्त्र बलों के प्रति कृतज्ञता और गहरे सम्मान का एक विनम्र प्रतीक है. उन्होंने कहा, हम अपने बहादुर सैनिकों के परिवारों का समर्थन करने के लिए यह सार्थक कदम उठाकर सम्मानित महसूस कर रहे ह्ैं. यह भले ही एक छोटी सी शुरुआत हो, लेकिन सशस्त्र बलों के कर्मियों की बहादुरी, बलिदान और निस्वार्थ सेवा को सम्मानित करना हमारी हार्दिक इच्छा है. 1927 में सेठ आनंदीलाल पोद्दार द्वारा स्थापित, पोद्दार एजुकेशन नेटवर्क 98 वर्षों से अधिक समय से भारतीय शिक्षा क्षेत्र में अग्रणी रहा है. ईमानदारी, निष्ठा और सेवा के पारंपरिक भारतीय मूल्यों से प्रेरित यह संस्था शिक्षा में उत्कृष्टता को बढ़ावा देती रही है. विशेष रूप से, महात्मा गांधी आनंदीलाल पोद्दार ट्रस्ट के पहले अध्यक्ष थे, जो राष्ट्र के प्रति संस्था की गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक है. आज पोद्दार एजुकेशन नेटवर्क में संगठन द्वारा प्रबंधित 150 पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल, 123 पोद्दार पार्टनर स्कूल, 2,50,000 से अधिक छात्र शामिल हैं.