उत्पादन में गिरावट से लाल मिर्च का तीखा झटका

आवक घटने से दरों में 15 से 20% की वृद्धि; ब्याडगी मिर्च ने 500 का आंकड़ा पार किया

    24-Feb-2026
Total Views |
 
vbvbf 
गुलटेकड़ी, 23 फरवरी (आ. प्र.)

इस वर्ष सीजन के ऐन वक्त पर हुई बेमौसम बारिश के कारण लाल मिर्च के उत्पादन में भारी गिरावट आई है. परिणामस्वरूप, बाजार में आवक कम होने से कीमतों में 15 से 20 प्रतिशत का उछाल आया है. विशेष रूप से ब्याडगी मिर्च की प्रति किलो कीमत 500 रुपये के पार पहुंच गई है. व्यापारियों का मानना है कि नई मिर्च की आवक शुरू होने के बाद ही कीमतों में कमी आएगी. फिलहाल यह तेजी कुछ दिनों तक बनी रहेगी. इस साल लौटता हुआ मानसून काफी देर तक चलता रहा. जिसका सीधा असर मिर्च की फसल पर पड़ा है. इसके अलावा, पिछले कुछ दिनों की भीषण गर्मी ने भी उत्पादन को प्रभावित किया है. वर्तमान में लाल मिर्च के दाम आसमान छू रहे हैं और यह आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है. होलसेल बाजार में दाम बढ़ने से रिटेल बाजार में भी कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. स्वाभाविक रूप से, लाल मिर्च पाउडर के दाम भी बढ़ने के आसार हैं. महाराष्ट्र के साथ-साथ आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक जैसे राज्यों में लाल मिर्च का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है, लेकिन बेमौसम बारिश से फसलों को भारी नुकसान हुआ.  
 
फसल पर बड़ा असर पड़ा
बेमौसम बारिश का मिर्च की फसल पर बड़ा असर पड़ा है और उत्पादन घटा है. इसी वजह से कीमतें अधिक रहेंगी. नई आवक शुरू होने पर ही कीमतों में गिरावट की संभावना है. - वालचंद संचेती, मिर्च व्यापारी, मार्केटयार्ड  
 
 
vbvbf
 
अन्य मसालों की कीमतों में भी बढ़ोतरी

आवक कम होने के कारण पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष मिर्च की कीमतें 15 से 20 प्रतिशत बढ़ गई हैं. केवल मिर्च ही नहीं, बल्कि मसाला बनाने के लिए आवश्यक धनिया, जीरा और अन्य मसालों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे मिर्च पाउडर महंगा हो गया है. -राजेंद्र गुगले, लाल मिर्च व्यापारी, मार्केटयार्ड  
  
 
 
vbvbf
मिर्च के होलसेल बाजार भाव (रुपये में)
टाइप 2025 2026
ब्याडगी 360 से 500 450 से 550
तेजा 210 से 220 220 से 240
गुंटूर 230 से 250 250 से 270
खुडवे 100 से 110 120 से 140